लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरूवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर विधानसभा प्रभारियों की बैठक बुलाई। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर प्रभारियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को भाजपा के जाल में फंसना नहीं है। सभी 80 सीटों पर एकजुट होकर भाजपा को हराना होगा। उन्होंने कहा कि ''INDIA गठबंधन की बैठक चल रही है। सीट बंटवारे को लेकर सुझाव दिए गए हैं। उनकी तरफ से भी सुझाव आए हैं। गठबंधन में सीट बंटवारे पर फैसला जल्द ही होगा। अभी तक जो बातचीत हुई है, वह बहुत ही पॉजिटिव है।''

सपा नेता अखिलेश ने RLD को अपना पुरानी साथी बताया है। उन्होंने कहा कि उससे हमारा तालमेल अच्छा है। इसलिए RLD के साथ सीट बंटवारे में कोई दिक्कत नहीं आएगी। राजद और जदयू के उम्मीदवार यूपी में चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए इन दोनों पार्टियों को भी गठबंधन में शामिल न करें तो बेहतर है। 

 अखिलेश ने कही 4 बड़ी बातें
भाजपा का रवैया जन-विरोधी -
बीजेपी नकारात्मक राजनीति करती है। इससे संविधान और लोकतंत्र पर खतरा है। सबसे ज्यादा 80 सीटें उत्तर प्रदेश में है, इसलिए यूपी की जिम्मेदारी भी बड़ी है। भाजपा साजिश करने में सबसे आगे है। भाजपा जनहित की राजनीति नहीं करती है। भाजपा वाले सबसे बड़े भू-माफिया हैं। प्रदेश में जहां भी खाली जमीन है, उसे कब्जा कर रहे हैं। भाजपा का रवैया जन-विरोधी है।

कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है
भाजपा के शासन काल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। महंगाई से सभी त्रस्त हैं। महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। बच्चियों तक की सुरक्षा नहीं है। नौजवानों के लिए रोटी-रोजगार की व्यवस्था नहीं है। हर तरफ लूट मची हुई है। थाना-तहसील से लेकर ऊपर तक बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता है। हर तरफ अराजकता का माहौल है।

अधिकारी जश्न की तैयारियों में जुटे हैं
अस्पतालों में इलाज और दवा की व्यवस्था बेपटरी पर हैं। स्वास्थ्य सेवाएं जन सामान्य को उपलब्ध नहीं है।  मरीजों को इधर से उधर रेफर करने के खेल में लोगों की जानें जा रही हैं। डायल एम्बुलेंस 108 और 102  सेवा पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की यूपी डायल 100 पुलिस सेवा को भी भाजपा ने 112 बनाकर बर्बाद कर दिया। ठंड की ठिठुरती रातों में गरीबों के लिए न अलाव और न ही रैन बसेरा की व्यवस्था की गई है। अधिकारी जश्न की तैयारियों में जुटे हैं।

 भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार-उत्पीड़न के शिकार
समाजवादी पार्टी पर करोड़ों लोगों का भरोसा है। समाजवादी PDA -पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सभी भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार और उत्पीड़न के शिकार हैं। सपा इनके हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी PDA और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को सभी 80 सीटों पर पराजित करेगा।

सरकार ने निवेश के सपने दिखाए। उनका कहना है कि यूपी में 40 लाख करोड़ का निवेश आएगा। ऐसे में मैं पूछना चाहता हूं कि कितना निवेश पहुंचा है और उससे कितनी नौकरी मिली है? ये डेटा सरकार के पास नहीं है। PDA के बजट में कटौती नहीं होनी चाहिए।