लखनऊ। मकान की छत पर रखी झोपड़ी में लुकाछिपी खेल रहे तीन बच्चों की जिंदा जलने से मौत हो गई। एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया है। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े। बच्चों को निकला, लेकिन तब तक तीन बच्चे दम तोड़ चुके थे। दर्दनाक घाटना बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के नवादा बिलसंडी गांव की है। गंभीर बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े, पानी डालकर आग बुझाई 
जानकारी के मुताबिक, नवादा बिलसंडी गांव में रामदास का मकान है। मकान की छत पर पुआल रखा था। दोपहर को पुआल में किसी तरह आग लग गई। जलता हुआ पुआल नीचे झोपड़ी पर जा गिरा। झोपड़ी के पास कुछ बच्चे लुकाछिपी खेल रहे थे। चार बच्चे झोपड़ी में छिपे हुए थे। कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी जलने लगी। मासूम बच्चे लपटों के बीच में फंस गए। बच्चों की चीखपुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाई, लेकिन तब तक चारों बच्चे बुरी तरह जल चुके थे। तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक आपस में चचेरे-तहेरे भाई-बहन थे। चौथी बच्ची नीतू पुत्री अमिताभ (6) को अस्पताल ले जाया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का दिया आश्वासन
दर्दनाक हादसे में भीम की पांच वर्षीय बेटी प्रियांशी, अमिताभ की तीन साल की बेटी मानवी और सुखवीर की पांच साल की बेटी नैना की जलकर मौत हो चुकी थी। अमिताभ की छह साल की दूसरी बेटी नीतू भी गंभीर रूप से झुलसी है। उसे इलाज के लिए भिजवाया गया है। इधर जानकारी मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं, घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।