CM Yogi Podcast video: उत्तर प्रदेश (UP) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत की। बुधवार (26 मार्च) को 'ANI पॉडकास्ट' में CM योगी ने कई मुद्दों पर पूछे गए सवालों के खुलकर जवाब दिए। आपके राज्य में क्या मुसलमान सुरक्षित है? योगी ने कहा-UP में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित है। अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं। बुलडोजर एक्शन पर CM ने कहा कि 'जो जैसे समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाना चाहिए'। क्या आप तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे? इस पर योगी बोले-मैं कोशिश नहीं करूंगा। मेरी पार्टी कोशिश करेगी, मैं क्यों बनूंगा, कोई भी कार्यकर्ता बन सकता है।
2017 के बाद दंगे बंद हो गए
बुलडोजर कार्रवाई पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो न्याय और कानून को अपने हाथ में लेते हैं, उन्हें कानून के दायरे में रहकर सबक भी सिखाया जाता है। जो जैसा समझेगा, उसको उसी भाषा में समझाना चाहिए। मुसलमानों की सुरक्षा पर योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो वे भी सुरक्षित हैं। अगर 2017 से पहले यूपी में दंगे होते थे, तो अगर हिंदुओं की दुकानें भी जलती थीं, तो मुसलमानों की दुकानें भी जलती थीं। 2017 के बाद दंगे बंद हो गए। अब अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं।
मुसलमान खतरे में नहीं
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के 'मुसलमान खतरे में हैं। वाले बयान पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुसलमान खतरे में नहीं हैं। इनकी वोट बैंक की राजनीति खतरे में है। जिस दिन भारतीय मुसलमान अपने पूर्वजों को समझ लेंगे, इन सभी को बोरिया-बिस्तर बांधकर भागना पड़ेगा...भारतीय मुसलमानों को याद रखना होगा कि वे तभी सुरक्षित हैं, जब हिंदू और हिंदू परंपरा सुरक्षित है...1947 से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश भारत का हिस्सा थे। हम उस सच्चाई को कैसे भूल सकते हैं? क्या पाकिस्तान में हमारी हिंगलाज माता का मंदिर नहीं है? क्या बांग्लादेश में माता ढाकेश्वरी का मंदिर नहीं है?
उत्तर में आएंगे, तो दक्षिण की निंदा करेंगे
लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इनका 'भारत जोड़ो' 'भारत तोड़ो अभियान' का हिस्सा है। अगर वे दक्षिण में जाएंगे, तो उत्तर भारत की निंदा करेंगे। उत्तर में आएंगे, तो दक्षिण की निंदा करेंगे। अगर वे भारत के बाहर जाएंगे, तो भारत की निंदा करेंगे। इनके आचरण को देश समझ चुका है... लेकिन भारत की राजनीति में भाजपा के लिए राहुल गांधी जैसे कुछ नमूने जरूर रहने चाहिए जिससे एक रास्ता हमेशा के लिए साफ होता रहे।
डबल इंजन पर क्या बोले योगी
अखिलेश यादव के 'डबल इंजन एक दूसरे को नमस्ते तक नहीं करते' वाले बयान पर योगी आदित्यनाथ ने कहा, "ये उनके संस्कार हैं। हम अपनी विरासत, अपने मौजूदा नेतृत्व और अपने पूर्वजों का भी सम्मान करते हैं। लेकिन जिनके आदर्श औरंगजेब हैं, उनका आचरण भी उसी प्रकार का जरूर होगा... औरंगजेब उनके आदर्श हैं, क्योंकि वो औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं। मुंबई से लेकर लखनऊ तक उनके नेता औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं... हम राम, कृष्ण, शिव को आदर्श मानते हैं, उनकी पूजा करते हैं।
मथुरा मस्जिद विवाद पर योगी
मथुरा मस्जिद विवाद पर आदित्यनाथ ने कहा कि मथुरा की बात क्यों नहीं उठाऊं? क्या मथुरा श्री कृष्ण की जन्मभूमि नहीं है? हम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे हैं वरना वहां बहुत कुछ हो गया होता... सनातन हिंदू धर्म के सभी महत्वपूर्ण स्थान हमारी विरासत के प्रतीक हैं।
कोई भी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बन सकता है
राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा और तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर योगी ने कहा कि सेवा, सुरक्षा और सुशासन का मॉडल हमारी पार्टी का था, उसे प्रभावी ढंग से उत्तर प्रदेश में लागू करने के कारण आज जनता का व्यापक आशीर्वाद हमारी पार्टी के साथ है... तीसरी बार सरकार बनाने के लिए हमारी पार्टी कोशिश करेगी। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बन सकता है।
वे गुमराह कर रहे
वक्फ संशोधन विधेयक पर योगी ने कहा कि मस्जिदों पर कब्जा करके भाजपा क्या करेगी? वक्फ के नाम पर कितनी ज़मीन पर कब्ज़ा करोगे? वे गुमराह कर रहे हैं। इन्होंने वक्फ के नाम पर एक भी कल्याणकारी काम नहीं किया है? इन्होंने अपने निजी लाभ के लिए वक्फ संपत्तियों को बेचा है...आपको ये शक्ति किसने दी कि आप किसी की भी ज़मीन पर कब्ज़ा कर लेंगे?
भीड़ देखकर घबरा गई बंगाल सरकार
ममता बनर्जी के "मृत्यु कुंभ" वाले बयान पर योगी ने कहा कि 13 जनवरी से 26 फरवरी तक 50,000 से 1 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन पश्चिम बंगाल से प्रयागराज आता था। पश्चिम बंगाल की सरकार इस भीड़ को देखकर घबरा गई। चाहे वह पश्चिम बंगाल सरकार हो, कांग्रेस हो, आरजेडी हो या समाजवादी पार्टी हो, उन्होंने महाकुंभ के बारे में जो कुछ भी कहा है, वह उनकी तुष्टिकरण की राजनीति का उदाहरण है और भारत की आस्था अपमान करने का उदाहरण है...लेकिन यह 'मृत्युंजय महाकुंभ' था।
संभल पर क्या बोले योगी
संभल में मस्जिदों पर तिरपाल लगाने के बारे में पूछे जाने पर योगी ने कहा कि मुहर्रम में जुलूस निकलते हैं। क्या उनके झंडे की छाया किसी हिंदू घर या मंदिर के पास नहीं पड़ती? क्या इससे हिंदू घर अपवित्र हो जाता है? सख्त निर्देश हैं कि जो नहीं चाहता उस पर रंग न डाला जाए। क्या मुस्लिम लोग रंगीन कपड़े नहीं पहनते? फिर रंग से परहेज क्यों? ये दोहरा आचरण क्यों?
जिन्ना का महिमामंडन करते
समाजवादी पार्टी के नेता के राणा सांगा वाले बयान पर योगी ने कहा कि क्या इतिहास सिर्फ यही लोग जानते हैं जो जिन्ना का महिमामंडन करते हैं?...ये वही लोग हैं जो बाबर, औरंगजेब और जिन्ना का महिमामंडन करते हैं। देश, भारत की विरासत और भारत के महापुरुषों के प्रति इनके भाव क्या होंगे, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है। औरंगजेब और बाबर की पूजा करने वाले और जिन्ना को अपना आदर्श मानने वालों से इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती।