UP Police Paper Leak: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने 2 अप्रैल की शाम यूपी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले के जिस मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा को गिरफ्तार किया है, उसका अब एमपी से कनेक्शन सामने आया है। 2 अप्रैल को जब यूपी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तब वह भोपाल से ही नोएडा पहुंचा था। यूपी एसटीएफ के मुताबिक राजीव पिछले 14 साल से मध्य प्रदेश के भोपाल में रहकर पेपर लीक के गिरोह को चला रहा था।

300 लोगों को पढ़ाया था पेपर
राजीव ने एसटीएफ को बताया कि उसने अपने गिरोह की मदद से रीवा के शिव महाशक्ति रिसॉर्ट में 300 लोगों को यूपी पुलिस भर्ती का पेपर परीक्षा से 2 दिन पहले 16 फरवरी को ही पढ़ाया था। 18 फरवरी को जब परीक्षा हुई तो हूबहू यही प्रश्न आए थे। इसके एवज में गिरोह ने प्रत्येक परीक्षार्थी से 7 से 8 लाख रुपए लिए थे। पेपर लीक का खुलासा होने के बाद यूपी सरकार ने परीक्षा निरस्त कर दी थी।

यूपी-TET का भी कर चुका है पेपर लीक
उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा-TET 2021 का पेपर लीक हो गया था। इस मामले में यूपी की कौशांबी पुलिस ने जुलाई 2022 में पहली बार राजीव नयन मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा था। केस की पड़ताल में सामने आया कि TET का पेपर संतोष चौरसिया ने लीक कर राजीव नयन को दिया था। हंगामा मचा तो परीक्षा रद्द कर दी गई। कुछ महीने जेल में रहने के बाद राजीव जमानत पर रिहा हो गया।

2010 में इंजीनियरिंग करने भोपाल आया था
पुलिस के मुताबिक राजीव नयन मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के अमोरा गांव का रहने वाला है। माता-पिता की मौत के बाद उसके मामा ने उसे पढ़ाया-लिखाया। 2010 में वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने भोपाल आया था। उसने सत्य साईं यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है।