Milkipur By Election Result: उत्तर प्रदेश के अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना चल रही है। जनता ने अपने मत से किसे विधायक चुना? शनिवार (8 फरवरी) की शाम तक घोषणा हो जाएगी। राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हुई। 30 राउंड की गिनती में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान 61329 वोटों से आगे हैं। सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद इनायत नगर स्थित अपनी पोलिंग बूथ भी नहीं जीत पाए। मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा को 1,45,685 मत और सपा को 84,266 मत मिले हैं।
जानिए किस राउंड में कितनी मिली बढ़त
- राउंड-1: चंद्रभानु पासवान को 3995 वोट की बढ़त
- राउंड-2: चंद्रभानु पासवान को 6217 वोट की बढ़त
- राउंड-3: चंद्रभानु पासवान को 10,170 वोट की बढ़त
- राउंड-4: चंद्रभानु पासवान को 11,635 वोट की बढ़त
- राउंड-5: चंद्रभानु पासवान को 14,265 वोट की बढ़त
- राउंड-6: चंद्रभानु पासवान को 17,192 वोट की बढ़त
- राउंड-7: चंद्रभानु पासवान को 18,680 की बढ़त
- राउंड-8: चंद्रभानु पासवान को 22,078 की बढ़त
- राउंड-9: चंद्रभानु पासवान को 25,378 की बढ़त
- राउंड-10: चंद्रभानु पासवान को 28,605 की बढ़त
- राउंड-11: चंद्रभानु पासवान को 31,093 की बढ़त
- राउंड-12: चंद्रभानु पासवान को 34,507 की बढ़त
- राउंड-13: चंद्रभानु पासवान को 36,864 की बढ़त
- राउंड-14: चंद्रभानु पासवान को 37,789 वोट की बढ़त
- राउंड-15: चंद्रभानु पासवान को 39,215 वोट की बढ़त
- राउंड-16: चंद्रभानु पासवान को 40,550 वोट की बढ़त
- राउंड-18: चंद्रभानु पासवान को 42,886 वोट की बढ़त।
- राउंड-20: चंद्रभानु पासवान को 50 हजार वोट की बढ़त।
- राउंड-29: चंद्रभानु पासवान को 60936 वोटों की बढ़त।
- राउंड-30: चंद्रभानु पासवान को 61329 वोटों की बढ़त।
अखिलेश की पोस्ट: चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश
ढोल-नगाड़े पर भाजपा कार्यकर्ता कर रहे डांस
भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। ढोल-नगाड़े पर भाजपा कार्यकर्ता डांस कर रहे हैं। अबीर-गुलाल उड़ा रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार चंद्रभानु पासवान जीत का सर्टिफिकेट लेने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंच चुके हैं। सपा कार्यालय पर सन्नाटा है। गेट पर ताला लटका है।
65.25 फीसदी हुई थी वोटिंग
मिल्कीपुर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 3.70 लाख है। 1.92 लाख पुरुष मतदाता हैं। 1.77 लाख महिला मतदाता हैं। मिल्कीपुर सीट पर 5 फरवरी को मतदान हुआ था। 65.25 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। 9 बजे तक 13.34% वोटिंग हुई थी। सुबह 11 बजे तक 29.86 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 1 बजे तक 44.59 फीसदी वोटिंग हुई थी। दोपहर 3 बजे तक 57.13 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे। शाम 6 बजे तक 65.25 फीसदी वोटिंग हुई थी।
'भाजपा के गुंडे बूथ कैप्चर कर रहे थे'
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना चल रही है। भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हमने कई बार चुनाव आयोग के सामने पूरी बात रखी। हमारी सारी शिकायतें चुनाव में साबित हो रही थी। भाजपा के गुंडे बूथ कैप्चर कर रहे थे। लेकिन चुनाव आयोग ने कुछ नहीं किया। इसके बावजूद भाजपा हारेगी। सपा का उम्मीदवार जीतेगा।
भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि दिल्ली में भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है। मिल्कीपुर में भी भाजपा जीत रही है। मैं दिल्ली और मिल्कीपुर के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं... समाजवादी पार्टी जब भी हारती है तो बेबुनियाद आरोप लगाती है, प्रदेश की जनता यह बात भली-भांति जानती है।
मिल्कीपुर से 10 उम्मीदवार लड़ रहे चुनाव
मिल्कीपुर सीट पर भाजपा के चंद्रभानु पासवान और सपा के अजीत प्रसाद के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही है। इस सीट से सपा और भाजपा के अलावा 7 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। आसपा के टिकट पर संतोष कुमार उर्फ सूरज चौधरी चुनावी मैदान में हैं। मौलिक अधिकार पार्टी से राम नरेश चौधरी और राष्ट्रीय जनवादी पार्टी से सुनीता चुनावी मैदान में हैं। अरविंद कुमार, कंचनलता, भोलानाथ, वेद प्रकाश और संजय पासी निर्दलीय ताल ठोक रहे हैं।
मिल्कीपुर विधानसभा का सियासी इतिहास
अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट 1967 में अस्तित्व में आई थी। कांग्रेस के रामलाल मिश्रा पहली बार विधायक बने। 1969 में राज्य में जन संघ के हरिनाथ तिवारी, 1974 कांग्रेस के धरमचंद्र, 1989 में कांग्रेस के बृजभूषण मणि त्रिपाठी, 1991 में भाजपा के मथुरा प्रसाद तिवारी, 1993 में भाकपा के मित्रसेन यादव, 1996 में सपा के मित्रसेन यादव, 1998 में रामचंद्र यादव, 2002 में सपा के आनंद सेन यादव, 2002 में रामचंद्र यादव, 2007 के चुनाव में बसपा के आनंदसेन यादव, 2012 में मिल्कीपुर विधानसभा सीट आरक्षित कर दी गई। लिहाजा, सपा के अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की। 2017 के चुनाव में भाजपा के गोरखनाथ ने जीत दर्ज किया। 2022 में मिल्कीपुर से फिर सपा के अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की है।
जानिए मिल्कीपुर में क्यों हुआ उपचुनाव
मिल्कीपुर से अवधेश प्रसाद सपा विधायक थे। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने अवधेश को लोकसभा चुनाव लड़वाया। अवधेश अयोध्या (फैजाबाद) से सांसद बन गए। तब से यह सीट खाली थी। मिल्कीपुर में उपचुनाव दिसंबर में होने थे, लेकिन भाजपा नेता गोरखनाथ ने अवधेश प्रसाद के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रखी थी। इसमें उनका नामांकन रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने याचिका वापस ले ली थी। इसलिए अब मिल्कीपुर में उपचुनाव हो रहे हैं।