Varanasi Road Accident: वाराणसी में गुरुवार (10 अक्टूबर) को सुबह भीषण हादसा हो गया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। एक्सीडेंट में चार लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। 12 साल का बच्चा घायल है। भीषण हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहाड़ा गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने चार को मृत घोषित कर दिया। बच्चे का इलाज चल रहा है।

हादसे में इनकी हुई मौत 
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन कर मिर्जापुर से लौट रहे थे। गुरुवार सुबह मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहाड़ा गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े डंपर में जा घुसी हादसे में  फूल केसरी देवी (55), दीपक कुमार पांडेय (35), दीपमाला पांडेय पत्नी दीपक पांडेय (32) और एक अन्य की मौत हो गई। शिवांश पांडेय (12) पुत्र दीपक पांडेय घायल है। बच्चे का इला अस्पताल में चल रहा है।

लोगों ने तुरंत पुलिस को दी सूचना
मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा कि डंपर में कार फंसी है। कार के अंदर लोग भी फंसे हैं। डंपर चालक क्षतिग्रस्त कार को छोड़कर वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। डंपर को रोकने के दौरान लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस के पहुंचते ही जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने कार में फंसे घायल को निकलवाने के साथ एंबुलेंस बुलाकर ट्रामा सेंटर के लिए भेज दिया। डॉक्टर ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।