बराक ओबामा की सास का निधन: 86 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, व्हाइट हाउस में 'फर्स्ट ग्रैंडमा' के नाम से थीं मशहूर

Barack Obama mother in law Marian Robinson dies: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की सास मैरियन रॉबिन्सन का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 86 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। ओबामा के राष्ट्रपति रहते मिशेल ओबामा की मां मैरियन व्हाइट हाउस में फर्स्ट ग्रैंडमा (प्रथम दादी) के नाम से मशहूर थीं। मैरियन ने अपनी पोतियों- मालिया और साशा ओबामा की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मिशेल और ओबामा के परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी, साथ ही उनके साथ बिताए पलों को भी याद किया। परिवार के बयान में कहा गया, मैरियन शुरुआत में मिशेल और बराक के साथ व्हाइट हाउस जाना नहीं चाहती थीं। लेकिन काफी मनाने के बाद वह साथ रहने के लिए तैयार हुई थीं। क्योंकि हमें उनकी जरूरत थी। लड़कियों को उनकी जरूरत थी। और वह इस सब के दौरान हमारे लिए सहारा बनी रहीं।

अपने माता-पिता की सातवीं संतान थीं मैरियन
मैरियन रॉबिन्सन का जन्म 1937 में शिकागो के साउथ साइड में हुआ था। वह अपने माता-पिता की सात संतानों में से एक थीं। रॉबिन्सन का शुरुआती जीवन मुश्किलों भरा रहा। किशोरावस्था के दौरान उनके माता-पिता अलग हो गए थे। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका में नस्लभेद का भी उत्पीड़न सहना पड़ा।
उनके पिता को उनकी त्वचा के रंग के कारण किसी यूनियन में शामिल होने या बड़ी निर्माण फर्मों के लिए काम करने की अनुमति नहीं थी और इसलिए उन्हें ऐसी दुनिया पर भरोसा नहीं था, जिसमें उनके लिए बहुत कम जगह थी। परिवार ने अपने बयान में कहा कि फिर भी जब बराक ओबामा पहले अश्वेत अमेरिकी राष्ट्रपति बने, तो उनकी बेटी और दामाद व्हाइट हाउस में पहुंच गए। व्हाइट हाउस की चकाचौंध रॉबिन्सन के लिए कभी भी बहुत अच्छी नहीं रही।
ग्लैमर से रहती थीं दूर
परिवार ने कहा कि ऑस्कर विजेताओं या नोबेल पुरस्कार विजेताओं के साथ घुलने-मिलने के बजाय, वह अपना समय ऊपर की मंजिल पर टीवी ट्रे के साथ बिताना पसंद करती थीं। अपने बेडरूम के बाहर वाले कमरे में बड़ी खिड़कियों के साथ, जहां से वाशिंगटन स्मारक दिखाई देता था। इसमें यह भी कहा गया है कि उन्होंने अशर और बटलर के साथ बहुत अच्छी दोस्ती की, जो व्हाइट हाउस को घर बनाते हैं।
परिवार ने बताया कि व्हाइट हाउस में अपने आठ वर्षों के दौरान वह अक्सर पास की दुकानों पर ग्रीटिंग कार्ड खरीदने के लिए गेट के बाहर चुपके से चली जाती थीं और कभी-कभी अन्य ग्राहक उन्हें पहचान लेते थे और कहते थे कि वह प्रथम महिला की मां जैसी दिखती हैं। वह मुस्कुराते हुए जवाब देती कि ओह, मुझे भी ऐसा अक्सर लगता है।

टीचर रहीं रॉबिन्सन
रॉबिन्सन की शादी 1960 में हुई और उनके दो बच्चे हुए। जिनमें पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा भी शामिल थीं। परिवार ने बताया कि उन्होंने एक शिक्षिका और सचिव के रूप में भी काम किया।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS