Bomb Attack on Polio Protection Team in Pakistan: पाकिस्तान से बड़ी खबर है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बजौर जिले में सोमवार को पोलियो प्रोटेक्शन टीम पर IED हमला हुआ। जिसमें 5 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई। जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। बाजौर जिले के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी अनवर उल हक ने बताया कि पोलियो विरोधी अभियान ड्यूटी के लिए लगभग 25 पुलिसकर्मियों को ले जा रहे एक पुलिस ट्रक को आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से निशाना बनाया गया। 

इस घटना के बाद इलाके की घेराबंदी की गई है। अन्य पोलियो प्रोटेक्शन टीम को अलर्ट पर रखा गया है। अभी तक बम धमाके की किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। 

घायलों को खार और पेशावर भेजा गया
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस वैन खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले की मामुंड तहसील में थी, तभी विस्फोट हुआ। खार जिला मुख्यालय अस्पताल (DHQ) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वजीर खान सफी ने 5 मौतों की पुष्टि की। बताया कि मृतकों में पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि घायलों में से 12 का इलाज खार डीएचक्यू में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल 10 अन्य को पेशावर के अस्पताल में रेफर किया गया है।

Pakistan Bomb Blast

क्षेत्र में पोलियो अभियान रद्द
मलकंद डिवीजन के आयुक्त साकिब रजा ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे पोलियो अभियान को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए पेशावर ले जाया जाएगा और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। रेस्क्यू 1122 के एक बयान के अनुसार, मोहमंद और निचले दीर जिलों में बचाव टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख
खैबर पख्तूनख्वा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरशद हुसैन शाह ने विस्फोट की निंदा की और पुलिस अधिकारियों की शहादत पर दुख व्यक्त किया। सीएम शाह ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए जिला प्रशासन को उन्हें समय पर सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कायरतापूर्ण घटनाओं से पुलिस का मनोबल नहीं गिरेगा। पुलिस ने जनता के जीवन और संपत्तियों की रक्षा के लिए बलिदान दिया है। राष्ट्र उन्हें सलाम करता है। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।