Elon Musk Vs Nicolas Maduro: एलन मस्क ने कबूली वेनेजुएला के राष्ट्रपति मदुरो की चुनौती, कहा- जीते तो फ्री मार्स ट्रिप दूंगा

Elon Musk Vs Nicolas Maduro: वेनेजुएला की राजनीति में हाल ही में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिला है। इस दौरान, एलन मस्क (Elon Musk) और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो (Nicolas Maduro) आपस में भिड़ गए हैं।अब दोनों का यह विवाद नेशनल टीवी तक पहुंच गया है। टेस्ला के सीईओ और एक्स के मालिक एलन मस्क ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की चुनौती को स्वीकार कर लिया है।
मदुरो ने मस्क को फाइट के लिए ललकारा था
मदुरो ने हाल ही में एलन मस्क को नेशनल टेलीविजन पर फाइट के लिए ललकारा था। मस्क ने इस चुनौती को एक्स पर स्वीकार करते हुए कहा कि अगर मैं जीत गया, तो मादुरो को वेनेज़ुएला के तानाशाह पद से इस्तीफा देना होगा, और अगर मदुरो जीतते हैं, तो मैं उन्हें मंगल ग्रह पर मुफ्त यात्रा का टिकट दूंगा।
मदुरो के चुनाव जीतने के बाद मस्क का हमला
वेनज़ुएला की राजनीति में लंबे समय से हलचल मची हुई है। राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के ऐलान के बाद यह विवाद और बढ़ गया है। एलन मस्क ने मदुरो पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया है। मदुरो खुद को एक सोशलिस्ट नेता मानते हैं। वहीं एलन मस्क पूंजीवादी विचारधारा यानी कि कैपिटलिस्ट आइडियोलॉजी के पक्षधर हैं। दोनों के बीच गहरे वैचारिक मतभेद भी हैं।
मदुरो का दावा: तख्तापलट की कोशिश हो रही
चुनाव नतीजों का ऐलान होने के बाद से वेनेजुएला में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। मदुरो ने चुनाव में 51.2% वोट हासिल किए, जबकि विपक्ष के नेता गोंजालेज को 44.2% वोट हासिल हुए हैं। विपक्ष ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव नतीजों को मानने से इनकार कर दिया है। मदुरो ने सोमवार को टीवी पर अपने संबोधन में कहा कि वेनेज़ुएला में तख्तापलट की कोशिश हो रही है, लेकिन वह इस योजना को विफल कर देंगे।
विरोध प्रदर्शन में अब तक 11 लोगों की मौत
विपक्षी नेता और जनता चुनाव परिणाम के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं। कई जगहों पर आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। राजधानी काराकास में हजारों लोग राष्ट्रपति के महल के पास पहुंच गए। चुनाव में धांधली के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में अब तक वेनेजुएला में 11 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS