Hajj heat deaths: मक्का में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार, भीषण गर्मी से 550 हज यात्रियों की मौत

Hajj heat deaths
X
Hajj heat deaths: मक्का में भीषण गर्मी से इस साल अब तक 550 हज यात्रियों की माैत हुई है।
Hajj heat deaths: इस साल हज के दौरान मक्का में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के कारण कम से कम 550 हज यात्रियों की मौत हो गई है। इनमें से 323 मिस्र के और 60 जॉर्डन के नागरिक थे।

Hajj heat deaths: सऊदी अरब में बढ़ते तापमान ने हज यात्रियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। भीषण गर्मी से कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इस साल हज के दौरान मक्का में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के कारण कम से कम 550 हज यात्रियों की मौत हो गई है। इनमें से 323 मिस्र के और 60 जॉर्डन के नागरिक थे।

मरने वालों में ज्यादातर इजिप्ट से
अरब के राजनयिकों ने बताया कि मक्का के एक मात्र और सबसे बड़ अल-मुआइसम मुर्दाघर में कुल 550 लोगों के शव मिले हैं। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की गर्मी से मौत हुई है उनमें से ज्यादातर इजिप्ट के थे। केवल एक ऐसा शख्स था जिसकी मौत भगदड़ में हुई थी। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के कारण बीमार पड़े 2,000 से अधिक हज यात्रियों का इलाज किया गया है।

इजिप्ट से पहुंचे कई लोग लापता
इस बीच इजिप्ट से पहुंचे कई हज यात्री लापता मिले हैं। इजिप्ट के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वह हज यात्रा के दौरान लापता हुए अपने देश के नागरिकों को ढूंढ़ने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों के संपर्क में है। इजिप्ट के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि हज के दौरान कई लोगों की मौत हुई है। इनमें से कितने लोग इजिप्ट से थे, इसकी पुष्टि की जानी बाकी है।

लोगों को दी गई धूप से बचने की सलाह
सऊदी राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि सोमवार को मक्का की ग्रैंड मस्जिद में तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। सऊदी अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को छाता इस्तेमाल करने, ज्यादा पानी पीने और दिन के समय धूप से बचने की सलाह दी। मंगलवार को मक्का की मस्जिद के बाहर लोग अपने सिर पर पानी से भरी ठंडी बोतलें उड़ेलते नजर आए। बता दें कि हज यात्रियों के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और सरकार की ओर से फ्री में पानी की बोतलें और आइसक्रीम बांटी जाती है। जिन लोगों को पीने के लिए पानी की बोतलें दी गई, उन्होंने गर्मी से बचने के लिए इसे अपने सिर पर उड़ेल लिया।

हज करने पहुंचे 10 लाख से ज्यादा लोग
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल हज में लगभग 10.8 लाख हज यात्री पहुंचे, जिनमें से 10.6 लाख विदेशी थे। पिछले साल हज के दौरान दूसरे देशों से पहुंचे कम से कम 240 हज यात्रियों की मौत हुई थी। कई अपंजीकृत हज यात्रियों ने भी इस साल हज करने की कोशिश की। मिस्र के हज मिशन की निगरानी करने वाले एक अधिकारी ने कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन के पहुंचे हज यात्रियों की वजह से इजिप्ट के हज यात्रियों के शिविरों में अराजक स्थिति पैदा हो गई। इस वजह से कुछ देर के लिए सेवाएं ठप हो गईं।

सऊदी अरब के स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहा
सऊदी अरब के स्वास्थ्य मंत्री फहद बिन अब्दुल रहमान अल-जलाजेल ने कहा कि हज के लिए स्वास्थ्य योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। जिससे बीमारी और अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरों को रोका जा सका। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गर्मी से संबंधित बीमारियों के लिए 5,800 से ज्यादा हज यात्रियों को वर्चुअल कंसल्टेंसी दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story