Logo
Indian Passport Ranking: हेनले पासपोर्ट इंडेक्स (Henley Passport Index) द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय पासपोर्ट को 82वां स्थान मिला है। अब भारतीय 58 देशों में वीजा फ्री एंट्री कर सकते हैं।

Indian Passport Ranking: कभी अमेरिका और ब्रिटेन के पासपोर्ट को दुनिया का सबसे शक्तिशाली माना जाता था, लेकिन अब वो दौर बदल गया है। अब एशियाई देशों ने इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2024 (Henley Passport Index 2024) के अनुसार, दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट (most powerful passport) की सूची में एशियाई देशों ने मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
भारत का पासपोर्ट (Indian Passport) भी लगातार मजबूत हो रहा है और उसने नवीनतम रैंकिंग में ऊंची छलांग लगाई है। वहीं, पड़ोसी देश पाकिस्तान इस बार 100वें स्थान पर है, जो पिछले साल की तुलना में थोड़ा बेहतर हुआ है।

भारत की रैंकिंग में उछाल
लंदन स्थित हेनले एंड पार्टनर्स द्वारा जारी पासपोर्ट इंडेक्स (Passport Index) दुनिया के पासपोर्ट को इस आधार पर रैंक करता है कि इसके धारक को कितने देशों में बिना वीजा के प्रवेश मिलता है। हर वीजा मुक्त प्रवेश के लिए एक पासपोर्ट को एक अंक दिया जाता है, जिसके आधार पर वैश्विक रैंकिंग तैयार की जाती है। साल 2024 में भारत के पासपोर्ट ने 2 अंक की छलांग लगाई और 82वें स्थान पर पहुंच गया। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट होर्ल्ड को अब 58 देशों में वीजा मुक्त एंट्री (visa free entry)मिल सकता है। साल 2023 में भारत की वैश्विक रैंकिंग 84वीं थी। 

क्या है भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग (Indian Passport Ranking)
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स (Henley Passport Index) द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय पासपोर्ट को 82वां स्थान मिला है, जो भारतीयों को 58 देशों में वीजा मुक्त प्रवेश प्रदान करता है। यह रैंकिंग इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के डेटा पर आधारित है, जो दुनिया भर में यात्रा जानकारी का सबसे व्यापक और सटीक डेटाबेस रखता है। वर्तमान में भारत की रैंक सेनेगल और ताजिकिस्तान जैसे देशों के साथ जुड़ी हुई है।

पाकिस्तान कहां है?
पाकिस्तान ने साल 2024 की वैश्विक रैंकिंग में 100वां स्थान हासिल किया है। केवल 33 देश पाकिस्तानी पासपोर्ट पर वीजा मुक्त प्रवेश देते हैं। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इसके पासपोर्ट ने 6 अंकों की छलांग लगाई है। साल 2023 में पाकिस्तान का पासपोर्ट विश्व में 106वें स्थान पर था। 2023 में पाकिस्तानी पासपोर्ट पर केवल 32 देशों में वीजा मुक्त प्रवेश मिलता था।

सिंगापुर का पासपोर्ट सबसे शक्तिशाली
सिंगापुर ने इस साल भी दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट का ताज अपने पास रखा है। 2024 इंडेक्स के अनुसार, सिंगापुर पासपोर्ट धारक को 195 देशों में वीजा मुक्त प्रवेश मिलता है, जो इसे दुनिया का सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट बनाता है। फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और स्पेन दूसरे स्थान पर हैं, जिनके पासपोर्ट धारकों को 192 देशों और क्षेत्रों में प्रवेश मिलता है। आइए देखते हैं सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट की शीर्ष 10 सूची।

ये हैं दुनिया के टॉप 10 पावरफुल पासपोर्ट की लिस्ट:

  • सिंगापुर (195 देशों)
  • फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, स्पेन (192 देशों)
  • ऑस्ट्रिया, फिनलैंड, आयरलैंड, लक्जमबर्ग, नीदरलैंड्स, दक्षिण कोरिया, स्वीडन (191 देशों)
  • बेल्जियम, डेनमार्क, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, स्विट्जरलैंड, यूनाइटेड किंगडम (190 देशों)
  • ऑस्ट्रेलिया, पुर्तगाल (189 देशों)
  • ग्रीस, पोलैंड (188 देशों)
  • कनाडा, चेकिया, हंगरी, माल्टा (187 देशों)
  • संयुक्त राज्य अमेरिका (186 देशों)
  • एस्टोनिया, लिथुआनिया, संयुक्त अरब अमीरात (185 देशों)
  • आइसलैंड, लातविया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया (184 देशों)

हेनले एंड पार्टनर्स के अध्यक्ष ने क्या कहा?
हेनले एंड पार्टनर्स के अध्यक्ष क्रिश्चियन केलीन (Christian Kellin) ने देशों के बीच बढ़ते वैश्विक गतिशीलता अंतराल पर प्रकाश डाला। क्रिश्चियन केलीन ने कहा, 'साल 2006 से 2024 तक यात्रियों को वीजा मुक्त प्रवेश देने वाले गंतव्यों की औसत संख्या लगभग दोगुनी होकर 58 से 111 हो गई है। हालांकि, इंडेक्स के टॉप और नीचे के देशों के बीच वैश्विक माेबिलिटी गैप अब पहले से कहीं ज्यादा हो गया है।'

क्या है हेनले पासपोर्ट इंडेक्स? 
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स पिछले 19 वर्षों से 227 देशों और क्षेत्रों में वैश्विक स्वतंत्रता को ट्रैक कर रहा है और आईएटीए के विशेष डेटा का उपयोग कर रहा है। यह दुनिया के पासपोर्ट को प्रदर्शित, सॉर्ट और रैंक करने का सबसे लोकप्रिय इंटरएक्टिव ऑनलाइन टूल बन गया है। इसे वर्षभर वास्तविक समय में अपडेट किया जाता है जब भी वीजा नीति में बदलाव होते हैं।

5379487