Houthi Missile Strike Updates: अदन की खाड़ी में यमन के हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर व्यापारिक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया है। यमन डिटेल्स के अनुसार, यमन से दागी गई मिसाइल से क्रू मेंबर्स टीम के तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि मिसाइल अटैक में जहाज को भारी नुकसान हुआ है। पहले दिन में ब्रिटिश और अमिरिकी अधिकारियों ने हमले में दो लोगों की मौत की पुष्टि की थी। हमले की जिम्मेदारी हूती विद्रोहियों ने ली है। 

जानकारी के अनुसार, एम/वी ट्रू कॉन्फिडेंस व्यापारिक जहाज लाइबेरिया के स्वामित्व का था। इस पर बारबाडोस का ध्वज लगा था। यह हमला यमन के अदन बंदरगाह से करीब 50 समुद्री मील दूर हुआ। यमन में ब्रिटिश दूतावास ने कहा कि हमले में 2 निर्दोष नाविक मारे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह दो दिनों में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गई पांचवीं एंटी-शिप बैलिस्टिक मिसाइल थी। 

जहाज पर एक भारतीय भी सवार
एक शिपिंग सूत्र के हवाले यमन डिटेल्स ने बताया कि जहाज पर मिसाइल से हमला होने के बाद चार नाविक गंभीर रूप से जल गए और तीन लापता हैं। ट्रू कॉन्फिडेंस के यूनानी संचालकों ने कहा कि जहाज पर अदन के यमनी बंदरगाह से लगभग 50 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में हमला हुआ। हमले में जहाज जलकर खाक हो गया। जहाज पर सवार 20 चालक दल और तीन सशस्त्र गार्डों की कोई जानकारी नहीं है। जिनमें 15 फिलिपिनो, चार वियतनामी, दो श्रीलंकाई, एक भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।

दक्षिणी अफ्रीका के रास्ते से गुजरना पड़ रहा
हूती विद्रोहियों के हमलों ने शिपिंग को बाधित कर दिया है। जिससे कंपनियों को दक्षिणी अफ्रीका के आसपास लंबी और अधिक महंगी यात्राओं की ओर रूख करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। लाल सागर के माध्यम से सात दिवसीय यात्रा का बीमा करने की लागत सैकड़ों हजारों डॉलर तक बढ़ गई है। जबकि हूतियों ने कहा है कि वह यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका और इजराइल से जुड़े जहाजों पर हमला करेगा। शिपिंग उद्योग के सूत्रों का कहना है कि सभी जहाज खतरे में हो सकते हैं।

जहाज की कंपनियों ने कहा- हमारा अमेरिका से कोई संबंध नहीं
हमले में तबाह हुए जहाज से जुड़ी दो कंपनियों ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि ट्रू कॉन्फिडेंस का स्वामित्व लाइबेरिया-पंजीकृत कंपनी ट्रू कॉन्फिडेंस शिपिंग के पास है और यह ग्रीस स्थित थर्ड जनवरी मैरीटाइम द्वारा संचालित है। जहाज का संयुक्त राज्य अमेरिका से कोई संबंध नहीं है। लाइबेरिया के स्वामित्व वाले जहाज को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन चालक दल ने जहाज छोड़ दिया और लाइफ बोट तैनात कर दीं हैं।

नवंबर से हमले कर रहे हूती
हूती विद्रोहियों ने नवंबर में लाल सागर के जहाजों पर हमला करना शुरू कर दिया था। विद्रोहियों का दावा है कि वे गाजा पट्टी में फिलिस्तीनियों के समर्थन में इजराइल से जुड़े जहाजों को मार रहे हैं। अमेरिकी और ब्रिटेन की सेनाओं ने हूतियों के खिलाफ कई बार एयर स्ट्राइक की। तब से हूती विद्रोहियों ने अमेरिकी और ब्रिटिश जहाजों को भी टारगेट करना शुरू कर दिया है। 

दरअसल, 7 अक्टूबर को हमास के लड़ाकों ने इजराइल पर हमला किया था और 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बाद इजराइल ने पलटवार किया। तब से हजारों लोग मारे गए हैं। गाजा पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। हमास और इजराइल के जंग के बाद लेबनान, इराक, सीरिया और यमन में ईरान समर्थित समूहों में हिंसा भड़क गई है।