Indian techie kills family in California: अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के टेक्निकल एक्सपर्ट आनंद सुजीत हेनरी, उनकी पत्नी और जुड़वां बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस को शक है कि 42 साल के आनंद सुजीत ने 40 वर्षीय पत्नी ऐलिस प्रियंका और जुड़वां बेटों नूह और नीथन हत्या की, इसके बाद खुद को गोली मार ली थी। बीते सोमवार को कैलिफोर्निया के सैन मेटो में चारों के शव उनके 2.1 मिलियन डॉलर के घर में मिले थे। 

बीते सोमवार को मिले थे शव
सोमवार को पुलिस ने जांच के लिए सुजीत के घर का दौरा किया। दंपति के शव बाथरूम के अंदर मिले थे। दोनों के शरीर पर गोली के निशान मिले थे। जबकि बच्चे एक रूम में मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि यह मामला हत्या और आत्महत्या का है। लेकिन वारदात के पीछे की वजह का पता नहीं चल सका है। 

पुलिस ने रिश्तेदारों को सूचित कर दिया है। हेनरी के नाम पर एक 9 मिमी हैंडगन रजिस्टर्ड थी, जो बाथरूम के फर्श पर मिली थी। पुलिस का आरोप है कि मेटा का पूर्व कर्मचारी हेनरी सभी चार मौतों के लिए जिम्मेदार है। हेनरी और प्रियंका की गोली लगने से मौत हुई है। हेनरी को एक गोली और प्रियंका के शरीर पर कई गोलियों के निशान मिले हैं। जुड़वां बच्चों की मौत कैसे हुई है, यह पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। 

दंपती और उनके जुड़वा बच्चों के शव मिले थे।

केरल का रहने वाला था परिवार
सुजीत आनंद हेनरी मूल रूप से केरल का रहने वाला था। वह परिवार समेत पिछले नौ साल से अमेरिका में रह रहा था। आनंद एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, वहीं ऐलिस एक वरिष्ठ विश्लेषक थीं। अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, आनंद ने 2016 में तलाक के लिए अर्जी दी थी, लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ।