Indian Worker Death Italy: इटली के लैटिना में एक भारतीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। भारतीय मजदूर का नाम सतनाम सिंह था। खेत पर काम करते समय उसका हाथ कट गया। लेकिन मालिक ने मदद करने के बजाय, उसे सड़क पर छोड़ दिया गया। चंद घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। इटली की श्रम मंत्री ने इस बर्बरता पूर्ण कृत्य बताया है। इटली स्थिति इंडियन एम्बेसी ने कहा है कि वह मजदूर सतनाम सिंह के परिवार के संपर्क में है। 

बीते सोमवार को हुई यह घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतनाम सिंह सोमवार को लैटिना में एक खेत पर काम कर रहे थे। इस दौरान  उनका हाथ कट गया। इसके बावजूद खेत के मालिक ने उनकी मदद नहीं की। सतनाम को उसके घर के पास सड़क पर  ही छोड़ दिया।  बहुत  ज्यादा खून बहने की वजह से कुछ ही घंटों बाद सतनाम सिंह की मौत हो गई। बता दें कि लैटिना इलाका रोम के दक्षिण में स्थित है। इस इलाके में हजारों भारतीय प्रवासी मजदूर रहते हैं।

इटली स्थिति इंडियन एम्बेसी एक्टिव
घटना की जानकारी मिलते ही इटली स्थित इंडियन एम्बेसी एक्टिव हो गया है। इटली स्थित इंडियन एम्बेसी ने कहा है कि उसे इस मामले की जानकारी है। एम्बेसी स्थानीय अफसरों के साथ मिलकर काम कर रहा है। एम्बेसी सतनाम सिंह के परिवार के संपर्क में हैं। मजदूर के परिवार को कांसुलर एक्सेस दिलाने और हर संभव मदद करने की पूरी कोशिश की जा रही है। 

इटली के श्रम मंत्री ने घटना को बर्बरतापूर्ण बताया
इटली की श्रम मंत्री मरीना काल्डेरोन ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। काल्डरेन ने इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह एक  "बर्बरतापूर्ण कृत्य" । श्रम मंत्री ने संसद में इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने सांसदों को बताया कि एक भारतीय कृषि मजदूर की खेत में काम करने के दौरान बांह कट गई। इसके बाद उसे सड़क पर छोड़ दिया। इसके बाद सतनाम सिंह नामक इस मजदूर की मौत हो गई।

ट्रेड यूनियन ने जताई नाराजगी
फ्लैई सीजीआईएल ट्रेड यूनियन ने कहा कि सतनाम सिंह की बांह खेत पर काम करते समय कट गई थी। उसे उसके घर के पास कूड़े के थैले की तरह छोड़ दिया गया। ट्रेड यूनियन ने सतनाम सिंह की मजदूर के लिए जिम्मेदार शख्स के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की है। इस घटना के बाद से इटली में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों में नाराजगी है। 

पुलिस ने इस घटना पर क्या कहा?‍ 
पुलिस ने बताया कि सतनाम सिंह की पत्नी और दोस्तों ने इस घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद सतनाम सिंह की मदद के लिए तत्काल एयर एम्बुलेंस भेजी गई थी। अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। उम्मीद है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी। हालांकि, अभी तक इस मामले में खेत के मालिक या सतनाम सिंह की मौत के लिए जिम्मेदार किसी अन्य शख्स की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

विपक्षी पार्टियों ने की इस घटना की निंदा
सेंटर-लेफ्ट डेमोक्रेटिक पार्टी ने इस घटना की निंदा की है। पार्टी ने इसके लिए सरकार पर निशाना साधा। विपक्षी पार्टी ने कहा कि इस प्रकार की घटना सभ्यता की हार है। सेंटर-लेफ्ट डेमोक्रेटिक पार्टी ने सतनाम सिंह की पत्नी और प्रियजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। इसके साथ कहा कि सरकार को प्रवासी मजदूर के साथ न्याय करना चाहिए।