Russia-Ukraine Conflict: इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी बोलीं- रूस-यूक्रेन संघर्ष खत्म कराने में अहम भूमिका निभा सकता है भारत

Russia-Ukraine Conflict: इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी (Italian PM Giorgia Meloni) ने कहा है कि भारत और चीन जैसे देश रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह बयान उत्तरी इटली के चर्नोबियो शहर में एम्ब्रोसेटी फोरम के दौरान दिया, जहां उन्होंने शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने जमीनी हालात और संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रम पर चर्चा की। मेलोनी की टिप्पणी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बयान के 48 घंटे बाद आई, जिसमें पुतिन ने संघर्ष खत्म कराने के भारत के प्रयासों की सराहना की थी।
यूक्रेन संघर्ष में भारत की भूमिका पर मिलोनी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा- "अगर अंतरराष्ट्रीय कानून के नियम टूटते हैं, तो अराजकता और संकट बढ़ते जाएंगे। यह भी स्पष्ट है कि ऐसे हालात में वैश्विक आर्थिक क्षेत्र में प्राकृतिक विखंडन होगा। दीर्घकालिक रूप से आर्थिक वैश्वीकरण (इकोनॉमिक ग्लोबलाइजेशन) और अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों का उल्लंघन एक साथ नहीं चल सकते। इसीलिए मुझे लगता है कि अंततः भारत और चीन जैसे देश इस संघर्ष को हल करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।"
प्रेसिडेंट पुतिन ने भी भारत की कोशिशों को सराहा
व्लादिवोस्तोक में गुरुवार को 9वें इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए पुतिन ने भी इस संघर्ष को सुलझाने में भारत की भूमिका का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा, "हम अपने दोस्तों और साझेदारों का सम्मान करते हैं, जो इस संघर्ष से जुड़े मुद्दों को सुलझाने में गंभीरता से रुचि रखते हैं। चीन, ब्राज़ील, भारत... मैं अपने साझेदारों के साथ संपर्क में हूं और इसमें कोई संदेह नहीं है कि इन देशों के नेता इसमें मदद करने के लिए असल में रुचि रखते हैं।"
यूक्रेन को सैन्य और तकनीकी सहायता पर चर्चा हुई
पीएम मेलोनी और राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के बीच इस मुलाकात में यूक्रेन के लिए सैन्य और तकनीकी सहायता के साथ-साथ अन्य आवश्यकताओं पर चर्चा हुई। ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन की वर्तमान रक्षा जरूरतों और युद्ध के मैदान की स्थिति के बारे में जानकारी दी। दोनों नेताओं ने G7 के फैसले पर चर्चा की, जिसमें यूक्रेन को रूस की फ्रीज की गई संपत्तियों से करीब 50 अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता देने का फैसला लिया गया है।
G7 अध्यक्षता के एजेंडे में यूक्रेन का समर्थन प्राथमिकता: मेलोनी
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने यह भी दोहराया कि यूक्रेन का समर्थन इटली के G7 अध्यक्षता के एजेंडे में शीर्ष प्राथमिकता है, और उन्होंने यूक्रेन की न्यायोचित रक्षा और दीर्घकालिक शांति के प्रति इटली की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। 2025 में इटली में होने वाले यूक्रेन रिकवरी सम्मेलन से पहले पुनर्निर्माण के मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मेलोनी ने अपने भाषण में वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक अस्थिरता के खतरों को भी रेखांकित किया और कहा कि भारत और चीन जैसी वैश्विक ताकतें यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS