Nobel Prize 2024: रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने अर्थशास्त्र में तीन हस्तियों को नोबेल पुरस्कार दिया है, जिनमें डारोन ऐसमोग्लू (Daron Acemoglu), साइमन जॉनसन (Simon Johnson) और जेम्स ए. रॉबिन्सन (James A. Robinson) का नाम शामिल है। तीनों विशेषज्ञों ने इस विषय पर अध्ययन किया कि संस्थाएं किस प्रकार बनती हैं और समृद्धि को कैसे प्रभावित करती हैं।

इन्होंने अपने शोध में यह दिखाया है कि किसी देश की समृद्धि में संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। पिछले साल हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर क्लाउडिया गोल्डिन को अर्थशास्त्र में 2023 का नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize 2023) दिया गया था।

संस्थाओं की भूमिका और समृद्धि का सीधा संबंध
डारोन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिन्सन के शोध के अनुसार, एक समाज में कानून का पालन न होना और जनसंख्या के शोषण के लिए बने संस्थान आर्थिक विकास को अवरुद्ध करते हैं। विशेषज्ञों का अध्ययन यह समझने में मदद करता है कि किन कारणों से कुछ देश समृद्धि की राह पर तेजी से बढ़ते हैं और क्यों अन्य देश पीछे रह जाते हैं। इनके शोध का मुख्य उद्देश्य यह दिखाना है कि लोकतंत्र और समावेशी संस्थानों का निर्माण आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण तरीका है।