Pakistan Shaheen-II Missile Test: मंगलवार, 20 अगस्त 2024 को भारत का दुश्मन पाकिस्तान ने सतह से सतह पर मार करने वाली अपनी मीडियम रेंज बैलिस्टिक मिसाइल शाहीन-2 का टेस्ट किया। इसे हत्फ-6 भी कहते हैं। इस मिसाइल परीक्षण के माध्यम से पाकिस्तान ने एक बार फिर दक्षिण एशिया में अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया है। शाहीन-2 मिसाइल का इस्तेमाल पाकिस्तान की सेना का स्ट्रैटेजिक कमांड करता है और यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।

एक साथ कई टारगेट पर किया जा सकता है हमला
इस मिसाइल का वजन 23,600 किलोग्राम है, जबकि लंबाई 17.2 मीटर और व्यास 1.4 मीटर है। वहीं इसकी फायरिंग रेंज 2000 किलोमीटर है, जिसमें 1230 किलोग्राम का वॉरहेड लगाया जा सकता है। मिसाइल के साथ री-एंट्री व्हीकल भी लगाया जा सकता है, जिससे एक साथ कई टारगेट पर हमला किया जा सकता है।

350 मीटर तक मचा सकती है तबाही
शाहीन-2 मिसाइल की खासियत यह है कि यह सॉलिड प्रोपेलेंट पर उड़ान भरती है और इसकी सटीकता 350 मीटर से कम है। इसका मतलब यह जहां भी गिरेगी, वहां से 350 मीटर की दूरी तक तबाही मचा सकती है। मिसाइल में टर्मिनल गाइडेंस सिस्टम भी लगाया जा सकता है, जिससे यह परमाणु हथियार के साथ और भी खतरनाक हो जाती है।

इस मिसाइल की रेंज इतनी है कि कराची से फायर की जाने पर यह गोरखपुर तक पहुंच सकती है, जिससे आधे से ज्यादा भारत इसके निशाने पर आ जाएगा। पाकिस्तान का यह मिसाइल परीक्षण दक्षिण एशिया में सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।