Putin secret house fire: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक सीक्रेट हाउस हाल ही में आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। यह ठिकाना रूस के अल्ताई गणराज्य के ओंगुदाई जिले में स्थित था। इसे पुतिन का अनऑफिशियल रेसिडेंस माना जाता था। इस इमारत को पुतिन के कई बंकरों में से एक माना जाता है, जहां उन्होंने गुप्त रूप से रहने का प्रबंध किया था। यहां पुतिन के खून से नहाने के किस्से भी मशहूर हैं। खोजी रिपोर्टिंग करने वाले प्रकाशन वाजने इस्तोरी (Istories) ने इस घटना की जानकारी दी है।

आग से हुई बर्बादी की तस्वीरें सामने आईं
ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट अमीर अयताशेव और अरुणा अर्ना द्वारा ली गई तस्वीरों में इस गुप्त ठिकाने के जलने के की बात सामने आई। सिरेना अखबार ने इन तस्वीरों की जांच की और पुष्टि की कि ये वास्तव में पुतिन के खुफिया घर की ही हैं। ओडेसा जर्नल ने सॉफ्टवेयर की मदद से तस्वीरों का विश्लेषण किया और घटना के दिन ही ये तस्वीरें लिए जाने की पुष्टि की है। 

3 अरब रूबल में बना था यह गुप्त ठिकाना
इस गुप्त ठिकाने को 3 अरब रूबल की लागत से 2009 और 2010 के बीच खास तौर से पुतिन के लिए डिजाइन किया गया था। इसे गजप्रोम सैनिटोरियम के रूप में रजिस्टर किया गया था। 2011 में इसके आसपास सख्त सुरक्षा इंतजाम कर दिए गए थे। यह क्षेत्र उर्सुल और कटुन नदियों के संगम पर स्थित है। इस इलाके में सर्दियों में कम बर्फबारी होती है और मार्च से गर्म तापमान रहता है।

यहां आकर हिरणों के खून से नहाते थे पुतिन
ओडेसा जर्नल के अनुसार, पुतिन कई बार इस अय्याशगाह में गए हैं। यहां हिरणों के प्रजनन के लिए विशेष फार्म बनाए गए थे। ऐसी कहानिया मशहूर है कि पुतिन इन हिरणों के सींग से खून निकालकर नहाया करते थे। रूस की पारंपरिक मान्यताओं क मुताबिक हिरणों के खून से नहाने से औषधीय गुण मिलते हैं। हालांकि, इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

कोरोना के दौरान नजर आया था पुतिन का हेलीकॉप्टर
ऐसे भी दावे किए जाते हैं कि 2016 में अल्ताई में स्टेट काउंसिल की बैठक से पहले पुतिन के लिए 70 किलो हिरण सींग निकाले गए थे। 2022 में पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने पुतिन को खून से नहाने के लिए न्यौता दिया था। कोराेना महामारी के दौरान पुतिन ने इस ठिकाने का उपयोग बंकर के रूप में भी किया था। स्थानीय निवासियों के मुताबिक महामारी के दौरान पुतिन के हेलीकॉप्टर को इस घर के पास मंडराते देखा गया था।

रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय की चुप्पी
रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय के ड्यूटी सेक्शन ने पुतिन के घर में आग की रिपोर्टों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस घटना ने पुतिन के गुप्त ठिकानों और उनकी सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन के रूस में कई गुप्त ठिकाने हैं। इन ठिकानों पर उनके कभी-कभार पहुंचने की बात भी कही जाती है। हालांकि, रूस सरकार इसकी औपचारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं करती।