Russia-Ukraine War Updates: रूस और यूक्रेन के बीच जंग और तेज हो गई है। यूक्रेन ने पलटवार करते हुए शनिवार को रूस के बेलगोरोद पर गोले बरसाए। इस हमले में 20 लोग मारे गए। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन ने यह हमला शुक्रवार को हुई बमबारी के जवाब में किया। रूसी अधिकारियों का कहना है कि बेलगोरोद पर यूक्रेन ने अब तक का सबसे बड़ा हमला किया। 

रूस ने यूएन में बुलाई इमरजेंसी मीटिंग
सीएनएन के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में रूस के पहले उप स्थायी प्रतिनिधि दिमित्री पोलांस्की ने कहा कि उनके देश ने घटना के जवाब में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक बुलाने के लिए कहा है। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने गोलाबारी के बाद एक बयान में कहा कि यूक्रेन को इस अपराध के लिए बख्शा नहीं जाएगा। कीव अग्रिम मोर्चे पर हार से ध्यान हटाने और हमें इसी तरह की कार्रवाई करने के लिए उकसाने की कोशिश कर रहा है।

रूस के हमले में मारे गए थे 39 यूक्रेनी
इससे पहले रूस की सेना ने यूक्रेन पर गुरुवार और शुक्रवार रात बम बरसाए। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस के हमले में 39 लोगों की मौत हुई। जबकि 159 लोग घायल हुए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रूसी हमले में उनके 120 शहर और गांव प्रभावित हुए हैं। 

फरवरी 2022 से युद्ध जारी
रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला किया था। तब से यह जारी है। यूक्रेनी सेनाएं लगभग हर दिन सीमा के करीब रूसी क्षेत्रों पर हमला कर रही हैं।