Most Influential Personalities 2025: टाइम मैगजीन ने बुधवार (16 अप्रैल) को दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची जारी की है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, टेस्ला के सीईओ एलॉन मस्क और बांग्लादेश सरकार के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस का नाम शामिल है। लेकिन इसमें किसी भारतीय को जगह नहीं मिली।
टाइम मैगजीन दुनियाभर में लोगों के कामकाज का आंकलन करती है और हर साल दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची जारी करती है, लेकिन 21 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भारतीय को इस सूची में जगह नहीं मिली।
ट्रम्प प्रशासन के 6 सदस्य शामिल
टाइम मैगजीन द्वारा जारी प्रभावशाली लीडर्स की सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और बिजनसेमैन एलॉन मस्क का नाम भी शामिल है। ट्रम्प प्रशासन के छह सदस्यों के नाम इस सूची में शामिल हैं। टाइम मैगजीन ने 2016 और 2024 में डोनाल्ड ट्रम्प को पर्सन ऑफ द ईयर चुना था।
32 देशों के 100 प्रभावशाली लोग
टाइम मैगजीन ने 32 देशों के 100 प्रभावशाली लोगों को इस सूची में शामिल किया है। इन्हें 6 कटेगरी में बांटा गया है। मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग, मशहूर सिंगर ईडी शिरीन और अमेरिकी एक्टर स्कारलेट जोहानसन भी शामिल हैं।
मोहम्मद यूनुस सबसे बुजुर्ग लीडर
सूची में सबसे युवा के तौर पर 22 साल के फ्रांसीसी तैराक लियोन मर्चेंड और 84 साल के मोहम्मद यूनुस सबसे बुजुर्ग हैं। पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेश को मुश्किलों से बाहर निकालने और मानवाधिकार बहाल करने वाला बताया है।
भारतीय मूल की रेशमा केवलरमानी
टाइम मैगजीन की सूची में भारतीय मूल की रेशमा केवलरमानी को भी जगह मिली है। रेशमा फार्मास्यूटिकल कंपनी वर्टेक्स की सीईओ हैं। उनका जन्म मुंबई में हुआ था, लेकिन 1988 में वह अमेरिका चली गईं। 2017 में उन्होंने अमेरिका की सबसे बड़ी दवा कंपनी वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल्स से जुड़ीं थीं। 1 साल में कंपनी की चीफ मेडिकल ऑफिसर और 2020 में CEO बन गईं।