Logo
UK Election 2024: ब्रिटेन में 650 सीटों के लिए गुरुवार को आम चुनाव में मतदान हुआ। यहां सरकार बनाने के लिए कम से कम 326 सीटों पर जीत हासिल करने की जरूरत है। 

UK Election 2024: ब्रिटेन के आम चुनाव नतीजों में भारतवंशी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को तगड़ा झटका लगा। विरोधी लेबर पार्टी ने 14 साल बाद फिर वापसी करते हुए बहुमत हासिल कर लिया। ब्रिटिश पार्लियामेंट की 650 में से लेबर पार्टी को 412 सीटें मिली हैं। जबकि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी महज 120 सीटों पर सिमट गई, 115 सीटें अन्य दलों को मिली हैं। लेबर पार्टी के सर कीर स्टार्मर ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। ऋषि सुनक ने उन्हें फोन कर जीत की बधाई दी। बता दें कि ब्रिटेन में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 326 है।

यूके जनरल इलेक्शन में 4 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इसके बाद जारी हुए एग्जिट पोल में प्रधानमंत्री सुनक की पार्टी पिछड़ती नजर आई थी। जबकि विरोधी दल को कुल 650 में से 410 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। इस चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी के ऋषि सुनक को लेबर पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार कीर स्टार्मर से कड़ी टक्कर मिली। सुनक ने नतीजों के बाद हार मानते हुए पार्टी से माफी मांगी।

UPDATES:

  • ऋषि सुनक ने रिचमंड और नॉर्थेलर्टन सीट से जीत दर्ज की है। सुनक ने नतीजों के बाद हार मानते हुए पार्टी से माफी मांगी। विरोधी स्टार्मर को बधाई दी। 
  • अब तक 650 में से कुल 488 सीटों के नतीजे सामने आए, जिनमें लेबर पार्टी को 341 सीटें मिली हैं। सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी अब तक सिर्फ 72 सीटें जीत पाई है। 
  • ब्रिटिश जनरल इलेक्शन में अब तक 260 सीटों के नतीजे घोषित हुए। ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को सिर्फ 30 सीटें मिलीं हैं।
  • लेबर पार्टी के पीएम कैंडिडेट कीर स्टार्मर लंदन की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर जीत दर्ज कर चुके हैं।
  • AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव नतीजों से पहले गुरुवार को लंदन शेयर मार्केट में डॉलर के मुकाबले पाउंड में बढ़त देखी गई। 

आम चुनाव के लिए गुरुवार को हुआ था मतदान
बता दें कि ब्रिटेन में आम चुनावों के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार 11:30 बजे) मतदान शुरू हुआ था। इस दौरान 40 हजार मतदान केंद्रों पर रात 10 बजे (भारतीय समयानुसार 2:30 बजे) वोटिंग हुई। इसके कुछ देर बाद ही एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए। जिनमें भारतवंशी ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को करारी हार मिलती दिखाई गई। सभी एग्जिट पोल सर्वे में कंजर्वेटिव पार्टी पिछड़ी है। यूगोव के सर्वे में तो लेबर पार्टी को 425, कंजर्वेटिव को 108, लिबरल डेमोक्रेट को 67, SNP को 20 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

इस बार सबसे ज्यादा 107 भारतवंशी मैदान में
2024 के चुनाव में ब्रिटेन की पार्टियों ने सबसे ज्यादा भारतवंशी प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। सभी दलों ने कुल 107 ब्रिटिश इंडियंस को टिकट दिया है। लेबर पार्टी ने सबसे ज्यादा 33 प्रत्याशियों को टिकट दिया। दूसरी ओर, कंजर्वेटिव पार्टी ने कुल 30 उम्मीदवारों पर दांव खेला है।

2019 में सुनक की पार्टी की हुई थी बंपर जीत
ब्रिटेन में 2019 के जनरल इलेक्शन में ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को 365, कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी को 202 और लिबरल डेमोक्रेट्स को 11 सीटें मिली थीं। ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी पिछले 14 साल से सत्ता पर काबिज है। हालांकि, उसके शीर्ष नेतृत्व में लगातार उथल-पुथल के हालात बने रहे। पिछले 5 साल में कंजर्वेटिव पार्टी ने 4 बार प्रधानमंत्री बदले।

5379487