Logo
Ukraine War: प्रधानमंत्री मोदी रूस के दो दिवसीय दौरे पर गए थे। इस दौरान द्विपक्षीय वार्ता में उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि मासूम बच्चों की मौत दर्दनाक और भयावह है। युद्ध से शांति का रास्ता नहीं निकलता है।

Ukraine War: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूस दौरे पर अमेरिकी की प्रतिक्रिया सामने आई है। दुनिया की महाशक्तियों में शामिल अमेरिका ने वैश्विक परिदृश्य में भारत की क्षमताओं का लोहा माना है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मंगलवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि युद्ध से शांति का रास्ता नहीं निकलता है। शांति स्थापित करने के लिए डायलॉग होना चाहिए। इसके बाद व्हाइट हाउस ने कहा कि भारत और रूस के रिश्तों को देखते हुए भारत के पास क्षमता है कि वह यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए पुतिन को प्रेरित कर सकते हैं। बता दें कि पीएम मोदी 8 और 9 जुलाई की अपनी रूस यात्रा समाप्त कर मंगलवार देर रात ऑस्ट्रिया पहुंच चुके हैं। 

कीव में बच्चों की मौत पर मोदी ने पुतिन को दी थी सलाह
रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कराइन जीन-पियरे ने मंगलवार को कहा कि रूस के साथ भारत के संबंध उसे प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए प्रेरित करने की क्षमता रखते हैं। जीन-पियरे ने यह बयान उस समय दिया, जब प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से कहा कि मासूम बच्चों की मौत दर्दनाक और भयावह है। यह टिप्पणी यूक्रेन की राजधानी कीव में बच्चों के एक अस्पताल पर रॉकेट हमले के एक दिन बाद की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से कहा कि चल रहे यूक्रेन युद्ध के दौरान मासूम बच्चों की मौत बेहद दर्दनाक है।

पुतिन ने पीएम मोदी की सलाह पर जताया था आभार

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने आतंकवाद, आपसी सहयोग और शांति बहाली पर चर्चा की। इस दौरान पुतिन ने कहा, 'यूक्रेन संकट का जो आप हल निकलने की कोशिश करते हैं हम उसके आभारी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक मित्र के तौर पर मैंने हमेशा कहा कि युद्ध के मैदानों से शांति का रास्ता नहीं निकलता है। बम बंदूक और गोलियों के बीच शांति संभव नहीं होती है।
  • पहले दिन रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने प्राइवेट डिनर किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई। प्रेसिडेंट पुतिन ने मोदी से कहा कि आपको देखकर खुशी हुई। मोदी ने कहा कि मेरा तो सिद्धांत रहा है- रिफॉर्म, परफॉर्म एंड ट्रांसफॉर्म। देश की जनता ने इस पर मुहर लगाई है। मेरा मानना है कि तीसरे कार्यकाल में तीन गुना ज्यादा मेहनत करूंगा। 

पीएम मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च सम्मान
राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम नरेंद्र मोदी को रूस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुतिन ने क्रेमलिन में आयोजित कार्यक्रम में ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू  (The Order of St. Andrew the Apostle) सम्मान को अपने हाथों से पीएम मोदी को पहनाया। पीएम मोदी को यह सम्मान रूस और भारत के बीच विशेषाधिकृत कूटनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए दिया गया। इससे पहले भी कई देश पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित कर चुके हैं। (ये भी पढ़ें, कैसा रहा पीएम नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय रूस दौरा)

5379487