Logo
EV Sales: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट ने सालाना आधार पर 19% ग्रोथ रिकॉर्ड की। इस कैटेगरी में ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस मोटर और बजाज ऑटो टॉप तीन कंपनियां रहीं। इनकी बाजार हिस्सेदारी करीब 70% है।

EV Sales: देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EVs) का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। चाहे टू-व्हीलर हो, थ्री-व्हीलर या फोर-व्हीलर, हर सेगमेंट में बिक्री के आंकड़े लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 के अंत तक देश में कुल 61,65,964 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हो चुकी है। इसमें सभी सेगमेंट—दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहन शामिल हैं। अकेले FY2025 में ही 20 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई।

सबसे आगे रहा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट
जेएमके रिसर्च की रिपोर्ट ‘एनुअल इंडिया ईवी रिपोर्ट कार्ड: FY 2025’ के अनुसार, कुल रजिस्टर्ड इलेक्ट्रिक वाहनों में 50% से ज्यादा हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स (e2W) की रही। इसके बाद पैसेंजर इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स (e3W-P) का नंबर आता है, जिनकी बाजार हिस्सेदारी लगभग 36% रही।

e2W सेगमेंट में इन कंपनियों ने मारी बाजी
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट ने सालाना आधार पर 19% की बढ़त दर्ज की। इस कैटेगरी में ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस मोटर और बजाज ऑटो टॉप तीन कंपनियां रहीं। इनकी संयुक्त बाजार हिस्सेदारी करीब 70% रही।

ये भी पढ़ें...टाटा पंच और हुंडई एक्सटर में कौन सी सीएनजी कार है बेस्ट? जानें कीमत और फीचर्स

थ्री-व्हीलर में भी दिखी ग्रोथ
ईथ्रीडब्ल्यू सेगमेंट (पैसेंजर और कार्गो) ने भी FY 2025 में 11% की सालाना वृद्धि दिखाई। पैसेंजर सेगमेंट में महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी, बजाज ऑटो और वाईसी इलेक्ट्रिक ने टॉप प्रदर्शन किया। इनकी कुल हिस्सेदारी इस सेगमेंट में 25% रही, जबकि कार्गो सेगमेंट में इनका संयुक्त शेयर 19% रहा।

टाटा मोटर्स की EVs की जबरदस्त सेल 
इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर सेगमेंट ने भी FY 2025 में 11% की सालाना वृद्धि दर्ज की। इसमें टाटा मोटर्स सबसे बड़ी खिलाड़ी रही, जिसकी बाजार हिस्सेदारी 53% रही। एमजी मोटर दूसरे स्थान पर रही, जिसकी हिस्सेदारी 28% दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें...भारत में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट हुई टेस्ला की नई कार, जानें मॉडल Y फेसलिफ्ट के फीचर्स 

EV बिक्री में ये राज्य रहे टॉप पर
मार्च 2025 तक EV बिक्री के लिहाज़ से उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और दिल्ली टॉप पांच राज्य रहे, जिनकी कुल संयुक्त हिस्सेदारी 50% रही। हालांकि, FY 2025 के दौरान बिहार ने दिल्ली को पीछे छोड़ते हुए टॉप 5 में जगह बनाई। इस तरह उस साल उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और बिहार EV बिक्री में अग्रणी राज्य बन गए।

(मंजू कुमारी)
 

5379487