FADA Report: फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) ने फरवरी 2025 के लिए वाहन रिटेल बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बीते महीने ऑटोमोबाइल सेक्टर ने कुल 18,99,196 वाहनों की बिक्री की, जो फरवरी 2024 में बेची गई 20,46,328 यूनिट की तुलना में 7.19% कम रही। वहीं, जनवरी 2025 में दर्ज 22,91,621 यूनिट की बिक्री की तुलना में, फरवरी में मासिक आधार पर 17.12% की गिरावट देखी गई।
सभी श्रेणियों में गिरावट, डीलरों ने इन्वेंट्री प्रेशर पर जताई चिंता
FADA इंडिया के अध्यक्ष सी. एस. विग्नेश्वर ने इस गिरावट पर टिप्पणी करते हुए कहा, "फरवरी में सभी कैटेगरी में मंदी देखी गई, जो हमारे पूर्वानुमानों के अनुरूप रही। डीलरों ने बिना सहमति के इन्वेंट्री थोपे जाने को लेकर चिंता जताई है। भले ही यह रणनीति व्यापक व्यावसायिक उद्देश्यों की पूर्ति कर सकती है, लेकिन यह जरूरी है कि थोक आवंटन को वास्तविक मांग के अनुसार प्रबंधित किया जाए, ताकि डीलरों की वित्तीय स्थिरता बनी रहे।"
यात्री और दोपहिया वाहनों की बिक्री में 2 अंकों की गिरावट
फरवरी 2025 में यात्री वाहनों (PV) की रिटेल बिक्री 3,03,398 यूनिट रही, जो फरवरी 2024 की 3,38,390 यूनिट के मुकाबले 10.34% कम है। दोपहिया वाहनों (2W) की बिक्री भी 6.33% घटकर 13,53,280 यूनिट रही, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 14,44,674 यूनिट था।
ये भी पढ़ें...भारत में टेस्ला का पहला शोरूम मुंबई में खुलेगा, इसका किराया 35 लाख रुपए
तिपहिया और कमर्शियल वाहनों का प्रदर्शन
तिपहिया वाहनों (3W) की बिक्री 94,181 यूनिट दर्ज की गई, जो फरवरी 2024 में बेची गई 96,020 यूनिट की तुलना में 2% कम है। हालांकि, यात्री तिपहिया वाहनों के सब-सेगमेंट में 1.34% की मामूली बढ़त हुई और बिक्री 44,522 यूनिट तक पहुंच गई। वहीं, कमर्शियल वाहनों (CV) की बिक्री में 8.6% की भारी गिरावट दर्ज की गई, जो फरवरी 2024 की 90,551 यूनिट से घटकर 82,763 यूनिट रह गई।
ये भी पढ़ें...लेक्सस इंडिया की 2025 Lexus LX लॉन्च, जानें प्राइस और फीचर्स डिटेल
अप्रैल-फरवरी अवधि में सालाना आधार पर ऑटो सेक्टर ने किया अच्छा प्रदर्शन
हालांकि, अप्रैल 2024 से फरवरी 2025 की अवधि में ऑटो सेक्टर का प्रदर्शन सकारात्मक रहा। इस दौरान कुल 2,39,98,085 वाहन बेचे गए, जो सालाना आधार पर 7% की वृद्धि दर्शाता है। यात्री वाहनों की बिक्री 4.44% बढ़कर 37,91,855 यूनिट हो गई। दोपहिया वाहनों की बिक्री 8.57% बढ़कर 1,73,62,194 यूनिट पर पहुंच गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री में 5.55% की वृद्धि हुई और यह 11,21,607 यूनिट रही। कमर्शियल वाहनों की बिक्री 9,13,322 यूनिट और ट्रैक्टरों की बिक्री 8,09,107 यूनिट पर स्थिर रही।
फरवरी 2025 में ऑटो सेक्टर ने चुनौतियों का सामना किया, लेकिन वार्षिक आधार पर सेक्टर का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में इन्वेंट्री प्रबंधन और वास्तविक मांग के अनुरूप उत्पादन पर ध्यान देने से बिक्री में सुधार हो सकता है।
(मंजू कुमारी)