Logo
SIAM Report: ऑटो सेक्टर के प्रतिष्ठित संगठन सियाम के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत में यात्री वाहनों की थोक बिक्री में वार्षिक आधार पर 2% उछाल के साथ 43 लाख यूनिट के पार पहुंच गई है।

SIAM Report: सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने मंगलवार को भारत की वाहन बिक्री पर अपनी नई रिपोर्ट जारी की। इसके अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में पैसेंजर व्हीकल्स (यात्री वाहनों) की थोक बिक्री 2% की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 43 लाख इकाइयों को पार कर गई। इसमें यूटिलिटी वाहनों, खासकर SUVs की हिस्सेदारी सबसे ज़्यादा रही।

पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में रिकॉर्ड
वित्त वर्ष 2023-24 में पैसेंजर व्हीकल्स की थोक बिक्री 42,18,750 इकाई थी, जो 2024-25 में बढ़कर 43,01,848 इकाई हो गई। कुल बिक्री में 65% योगदान यूटिलिटी वाहनों का रहा, जो पिछले वर्ष 60% था।

ये भी पढ़ें...कार में जरूरी है चाइल्ड सीट सेफ्टी हार्नेस, अचानक ब्रेक लगाने पर ऐसे करेगा काम  

SUVs की मांग में बंपर बढ़ोतरी
SUV और अन्य यूटिलिटी वाहनों की बिक्री में 11% की बढ़त दर्ज की गई। इनकी कुल बिक्री 25,20,691 से बढ़कर 27,97,229 इकाई हो गई। इसके विपरीत, पारंपरिक यात्री कारों की बिक्री में 13% की गिरावट देखने को मिली और यह घटकर 13,53,287 इकाई रह गई, जबकि पिछले वर्ष यह 15,48,947 इकाई थी।

निर्यात और दोपहिया वाहनों में तेजी
SIAM की रिपोर्ट के मुताबिक, पैसेंजर व्हीकल्स का निर्यात भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024-25 में 7.7 लाख यूनिट्स का निर्यात हुआ, जो कि पिछले साल की तुलना में 15% अधिक है। दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी 9% की वृद्धि दर्ज की गई। यह आंकड़ा 1,79,74,365 से बढ़कर 1,96,07,332 इकाई तक पहुंच गया। सियाम के अनुसार, ग्रामीण मांग में सुधार और उपभोक्ताओं के विश्वास में वापसी ने इस वृद्धि को प्रोत्साहित किया है।

ये भी पढ़ें...फॉक्सवैगन ने भारतीय बाजार में उतारी नई स्पोर्टी SUV, जानें कीमत और फीचर्स

वाणिज्यिक और तिपहिया वाहनों का प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2024-25 में वाणिज्यिक वाहनों की थोक बिक्री में 1% की गिरावट आई है, जो 9,68,770 से घटकर 9,56,671 इकाई रह गई। वहीं तिपहिया वाहनों की बिक्री 7% बढ़कर 7,41,420 इकाई पहुंच गई, जो पिछले साल 6,94,801 इकाई थी।

(मंजू कुमारी)
 

5379487