Logo
Veg Thali Cost: देश में टमाटर के दाम घटने से नॉन-वेज थाली की लागत भी 12% कम हुई है। साथ ही वनस्पति तेल, मसाले और ईंधन की लागत में भी गिरवट आई है।

Veg Thali Cost: देशभर में टमाटर की कीमतों में गिरावट और अन्य खाद्य सामग्रियों के दाम कम होने से अगस्त में शाकाहारी और मांसाहारी थाली की लागत में उल्लेखनीय गिरावट आई है। क्रिसिल की मार्केट इंटेलिजेंस और एनालिटिक्स (MI&A) की रिपोर्ट के अनुसार, वेज थाली के दाम में सालाना 8% और नॉन-वेज थाली की कीमत में 12% की गिरावट दर्ज की गई।

टमाटर के भाव में आई भारी गिरावट
टमाटर वेज थाली की कुल लागत का 14% हिस्सा होता है, इसकी कीमत अगस्त 2023 में 102 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो अगस्त 2024 में घटकर 50 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। यह 51% की बड़ी गिरावट हालिया सप्लाई की वजह से संभव हो पाई।

ईंधन और अन्य सामग्री की कीमतों में कमी
लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) सिलेंडर की कीमतों में भी गिरावट आई, जिससे थाली की कुल लागत कम हुई। मार्च 2024 में दिल्ली में एक 14.2 किलोग्राम के LPG सिलेंडर की कीमत 803 रुपए थी, जो अगस्त 2023 में 1,103 रुपए थी, यानी 27% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, वनस्पति तेल, मिर्च, और जीरे जैसी अन्य सामग्रियों की कीमतें भी कम हुई हैं। वनस्पति तेल की कीमत 6%, मिर्च की 30% और जीरे की कीमत में 58% की कमी आई।

नॉन-वेज थाली की लागत में तेज गिरावट
मांसाहारी थाली की कीमतों में ब्रॉयलर की कीमत में 13% की कमी के कारण और भी अधिक गिरावट आई है। नॉन-वेज थाली में ब्रॉयलर का हिस्सा करीब 50% होता है, जिससे इसकी कीमत में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।

महीने दर महीने भी राहत
जुलाई से अगस्त 2024 के बीच वेज थाली की लागत में 4% और नॉन-वेज थाली की लागत में 3% की गिरावट आई। यह मुख्य रूप से टमाटर की कीमतों में 23% की और गिरावट के कारण हुआ। हालांकि, आलू और प्याज की कीमतों में क्रमशः 2% और 3% की वृद्धि ने थाली के दामों में और अधिक गिरावट पर रोक लगाई। यह गिरावट भारत के घरों के लिए राहत लेकर आई है, जहां हाल के दिनों में खाद्य महंगाई (फूड इन्फ्लेशन) बड़ी चिंता का विषय है।

5379487