Logo
Jet Airways Anita Goyal: नरेश गोयल पर 538.62 करोड़ रुपए के गबन का आरोप है। सितंबर 2023 में गिरफ्तारी हुई थी। अभी अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर हैं।  

Jet Airways Anita Goyal: जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का निधन हो गया। वे लंबे वक्त से कैंसर से पीड़ित थीं, अनीता ने गुरुवार तड़के मुंबई स्थित घर में अंतिम सांस ली। प्रवर्तन निदेशायल (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में सितंबर, 2023 में नरेश गोयल को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने 6 मई को उन्हें भी मेडिकल ग्राउंड पर 2 महीने की अंतरिम जमानत दी है। पत्नी की जिंदगी के अंतिम वक्त गोयल उनके साथ थे।

बीमारी के चलते अनीता को मिली थी जमानत
गोयल दंपती पर 538.62 करोड़ रुपए के गबन का आरोप है। केनरा बैंक ने यह राशि जेट एयरवेज को बतौर लोन दी थी। इसी मामले में नवंबर, 2023 में अनीता गोयल की गिरफ्तारी हुई थी। लेकिन उनकी बीमारी और उम्र को देखते हुए विशेष अदालत ने उन्हें जमानत दी थी। इसके बाद अनीता मुंबई में अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं। 

एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट बनी थीं अनीता 
बता दें कि जेट एयरवेज ने 2007 में एयर सहारा को टेकओवर किया था। इसके बाद 2010 तक जेट एयरवेज भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी थी। लेकिन वक्त गुजरने के साथ कंपनी की मुश्किलें बढ़ती चली गईं। 2019 में नरेश गोयल को अपनी पोस्ट छोड़नी पड़ी और 17 अप्रैल 2019 को जेट एयरवेज का ऑपरेशन भी बंद हो गया। जेट एयरवेज में अनीता गोयल एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट थीं। 2015 में उन्होंने नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट पोस्ट संभाली थी। 

कभी देश की सबसे बड़ी एयरलाइन थी Jet Airways
नरेश गोयल 1990 के शुरुआती दशक में एक ट्रैवल एजेंसी में क्लर्क की नौकरी करते थे। उन्होंने 1992 में जेट एयरवेज कंपनी बनाई। इसके बाद 1993 में बतौर टैक्सी ऑपरेटर उड़ानें शुरू कीं। दो साल के बाद 1995 में जेट एयरवेज कंप्लीट एयरलाइन के तौर पर काम करने लगी थी। इस कंपनी का मुख्यालय मुंबई में था। जिसके बाद कंपनी 2005 में आईपीओ (इनीशियल पब्लिक ऑफर) लेकर आई और शेयर बाजार में लिस्ट हुई। इसके बाद 2010-12 तक जेट एयरवेज देश की सबसे बड़ी एयलाइन कंपनी बनी रही।  

रनवे से फ्लाइट वापस लाकर गोयल दंपती को पकड़ा
2008 की आर्थिक मंदी के बाद एयरलाइंस की हालत बिगड़ने लगी थी। साल 2011-12 में जेट एयरवेज को 1 हजार 236 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। नरेश गोयल ने हालात सुधारने के लिए कई बैंकों से कर्ज लिया और कर्मचारियों को वेतन बांटा। एक वक्त उनके ऊपर 13 हजार करोड़ का कर्ज हो चुका था। बाद में उन्होंने पत्नी के साथ लंदन शिफ्ट होने का प्लानिंग कर ली थी। नरेश गोयल और अनीता गोयल लुकआउट सर्कुलर इश्यू होने के बावजूद लंदन जाने वाली एक फ्लाइट में सवाल हो चुके थे। लेकिन एजेंसियों की चौकसी के चलते उन्हें रनवे से फ्लाइट वापस लाकर पकड़ा गया।

5379487