Logo
Health Tips: बढ़ती उम्र में भी आपके पापा हेल्दी रहें, उन्हें कोई हेल्थ प्रॉब्लम ना हो, इसके लिए आपको ही ध्यान रखना होगा। इसके लिए आप उनके यहां बताए जा रहे टेस्ट जरूर करवाएं। 

Health Tips: बढ़ती उम्र के साथ हर किसी को सेहत संबंधी कई समस्याएं परेशान करने लगती हैं। मां की तरह ही परिवार का ध्यान रखने वाले पिता भी आमतौर पर अपनी सेहत को लेकर लापरवाह हो जाते हैं। ऐसे में आपका यह फर्ज बनता है कि आप बढ़ती उम्र में पापा की सेहत संबंधी जरूरतों का पूरा ध्यान रखें। इसके लिए जो जरूरी टेस्ट हैं, कराएं। 

ब्लग शुगर टेस्ट: आजकल डायबिटीज की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इसलिए अगर आपके पापा में कोई लक्षण नजर न आएं तो भी उनके ब्लड शुगर लेबल की जांच फास्टिंग पीपी और HbA1c की जांच जरूर करवानी चाहिए। अगर खाली पेट ग्लूकोज का लेवल 125 से अधिक आता है तो यह डायबिटीज का संकेत है। ऐसा होने पर पापा के खान-पान में परहेज के साथ डॉक्टर के दिए सभी निर्देशों का पालन करें।

ब्लड काउंट: बढ़ती उम्र में पापाजी के ब्लड काउंट टेस्ट को करवाना भी जरूरी है। इस जांच में रेड और व्हाइट ब्लड सेल्स के साथ प्लेटलेट्स की संख्या का भी पता लगाया जाता है। इससे यह भी मालूम चलता है कि ब्लड में कोई इंफेक्शन तो नहीं है।

ब्लड प्रेशर: 50-55 की उम्र के बाद ब्लड प्रेशर बढ़ने की आशंका भी रहती है, इसलिए नियमित रूप से पापा का बीपी टेस्ट कराना भी जरूरी है। आमतौर पर 80/120 को सामान्य ब्लडप्रेशर माना जाता है। जांच में ब्लड प्रेशर इससे अधिक हो तो पापा की डाइट में नमक का सेवन सीमित मात्रा में करवाएं। पापा को खुश रखने का प्रयास करें, क्योंकि स्ट्रेस और गुस्से की वजह से ब्लड प्रेशर बढ़ता है।

कोलेस्ट्रॉल स्क्रीनिंग टेस्ट: खान-पान संबंधी अनियमितता और लापरवाही के कारण ब्लड में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ जाता है, इसलिए अपने पापा का यह चेकअप भी जरूर करवाएं क्योंकि इसकी वजह से ही हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। अगर कोलेस्ट्रॉल का लेवल अधिक हो तो डॉक्टर की सलाह पर पापा को दवाओं का सेवन शुरू करवा दें। साथ ही उनकी डाइट में घी, तेल, मक्खन, मैदा कम से कम दें। 

डेंटल चेकअप: जो लोग सिगरेट पीते हैं या पान, मसाले का सेवन करते हैं, उनमें माउथ अल्सर या ओरल कैंसर होने का रिस्क अधिक रहता है। इसके अलावा ओल्ड एज में दांत कमजोर भी होने लगते हैं। उनमें इंफेक्शन का भी खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पापा के दांतों का रेग्युलर चेकअप भी करवाती रहें।

आई चेकअप: उम्र बढ़ने के साथ नजर कमजोर होने लगती है। इसलिए पापा के आंखों की जांच भी बहुत जरूरी है। आंखों की जांच से कैटरेक्ट और ग्लूकोमा जैसी बीमारियों का भी समय रहते पता लग जाएगा। कई बार डायबिटीज की वजह से भी आंखों की दृष्टि प्रभावित होती है, आई चेकअप से इसे भी नियंत्रित किया जा सकता है।

इंटेस्टाइन-स्टूल टेस्ट: बढ़ती उम्र में पापा की साल में एक बार इंटेस्टाइन और स्टूल की जांच करवाना भी जरूरी है। यह कोलोन कैंसर को समय रहते डिटेक्ट करने का सबसे अच्छा तरीका है। इससे आंतों के अंदर होने वाली किसी भी तरह की ब्लीडिंग का आसानी से पता चल जाता है।

पीएसए टेस्ट: इसे प्रोस्टेट स्पेसिफिक एंटीजन टेस्ट कहा जाता है। उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों के प्रोस्टेंट ग्लैंड का आकार बढ़ने की वजह से शरीर के इस हिस्से में कैंसर होने की आशंका बढ़ जाती है। इसका पता लगाने के लिए साल में एक बार पापा का पीएसए टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।

अगर आप रेग्युलरली अपने पापा के यहां बताए गए टेस्ट करवाती हैं तो वे कई गंभीर बीमारियों से बचे रहेंगे।

गर्मियों में बरतें विशेष सावधानी
इन दिनों गर्मी बहुत पड़ रही है। अपने पापा को गर्मी में होने वाली हेल्थ प्रॉब्लम्स से बचाने के लिए आप कुछ बातों का ध्यान रखें।
जब तक बहुत जरूरी न हो पापा को दिन में घर से बाहर ना जाने दें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर पर कैप, छतरी और धूप का चश्मा उन्हें जरूर दें।
मॉर्निंग वॉक के लिए अगर वे जाते हैं तो सुबह आठ बजे तक घर लौट आने के लिए कहें।
दिन के समय नीबू की शिकंजी, आम पना, बेल का शर्बत, छाछ और लस्सी उन्हें पीने के लिए देती रहें।
पापा को खाने के साथ खीरा, ककड़ी जरूर दें। इसके साथ ही खरबूजा और तरबूज भी खिलाएं।

हेल्थ केयर
डॉ. रवींद्र गुप्ता
एचओडी-इंटरनल मेडिसिन 
सी. के. बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम 

 

5379487