Logo
Janmashtami Bhog Recipe: जन्माष्टमी के खास दिन पर कान्हा जी को कई तरह की मिठाईयां भोग लगाई जाती है। लेकिन आज हम आपको लड्डू गोपाल को भोग लगाने वाले कुछ सात्विक की रेसिपी बताने जा रहे हैं तो जरूर देखें...

Janmashtami Bhog Recipe: 26 अगस्त को जन्माष्टमी का त्योहार है। इस खास दिन पर अक्सर महिलाएं व्रत रखती हैं और कान्हा जी को भोग  लगाती हैं। ऐसे में आज हम आपको लड्डू गोपाल को भोग लगाने वाले कुछ सात्विक-मीठे व्यंजनों की रेसिपी बताने जा रहे हैं। जो बनाना भी बहुत आसान है। तो आइए जानते हैं बनाने का तरीका... 
 
1.सेब-मिश्री मावा

सामग्री: दूध-1 लीटर, सेब-1, चीनी-2 बड़े चम्मच, नीबू का रस-1 बड़ा चम्मच, किशमिश, पिस्ता, बादाम-आवश्यकतानुसार 
विधि: सबसे पहले दूध को धीमी आंच पर पकाएं। इस दौरान सेब को धोकर उसके बारीक टुकड़े काट लें। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो उसमें सेब, नीबू का रस और चीनी मिलाएं। नीबू मिलाने की वजह से दूध का पानी अलग हो जाएगा। इस पानी को तेज आंच पर लगातार चलाते हुए सुखाना है। जब पानी सूख जाएं तो ठंडा होने के बाद इसमें किशमिश, पिस्ता, बादाम अपनी पसंद के अनुसार डालें। बस आपका अब सेब-मिश्री मावा तैयार है।

2. मावा-मिश्री पेड़े
सामग्री: मावा-200 ग्राम, पनीर-50 ग्राम, पिसी चीनी-50 ग्राम, मिश्री दाना-1/2 कप, पिस्ता चूरा-1 बड़ा चम्मच। 
विधि: एक बर्तन में मावा और पनीर को मैश करके अच्छी तरह मिलाएं। अब इसे धीमी आंच पर रखें। पैन में डालकर धीमी आंच पर भूनें। जब मिश्रण अच्छे से भून जाए, तो उसमें पिसी हुई चीनी मिलाएं। अब इन्हें बॉल्स का शेप दे दें। अब एक ट्रे में मिश्री दाना फैलाएं। हर बॉल को ट्रे में मिश्री पर रखकर दबाते हुए पेड़े का आकार दें। 

3. मखाना-साबूदाना खीर
सामग्री: फुल क्रीम दूध-डेढ़ लीटर, मखाने-1 कप, साबूदाना-1 बड़ा चम्मच, घी-1 बड़ा चम्मच, चीनी-100 ग्राम, कटे पिस्ता और बादाम- सजावट के लिए। 
विधि: सबसे पहले साबूदाना को धोकर उसे दो से तीन घंटे के लिए भिगोकर रख दें। अब घी में मखाने हल्के तलकर अलग रख दें। फिर दूध में तले हुए मखाने और साबूदाना डालकर धीमी आंच पर मोटे तले के बर्तन में पकाएं। इसे बीच-बीच में चलाते रहें, वरना साबूदाना बर्तन से चिपक जाएगा। इसे आपको मंदी आंच पर ही रखना है। खीर गाढ़ी हो जाने पर आखिर में चीनी मिलाएं। दो मिनट के लिए चीनी को पकने दें। इसमें ऊपर से पिस्ता और बादाम गार्निश करें। भोग के लिए मावा-साबुदाना खीर तैयार है।

4. मखाना-मिष्टी दोई 
सामग्री: फुल क्रीम दूध-3 कप, चीनी-1/2 कप, दही-2 छोटे चम्मच, मखाने-15-20, कटे बादाम, पिस्ता-आवश्यकतानुसार। 
विधि: आधा कप दूध में 1 चम्मच चीनी मिलाएं। मखानों को भूनकर मीठे दूध में भिगो दें। बाकी बचे दूध को किसी भारी तले के बर्तन में पकाएं। इसमें जब उबाल आ जाए तो बची हुई चीनी मिलाएं। इसे मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक दूध आधा ना रह जाए। बीच-बीच में चलाती रहें। आंच से उतारकर, थोड़ा ठंडाकर दही मिलाकर 7-8 घंटे के लिए गर्म स्थान पर ढंककर रख दें। दही जम जाएगा। इसे दो घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। मिष्टी दोई तैयार है। अब मखाने और कटे बादाम, पिस्ता से सजाएं। 

5. मक्खन पेड़ा
सामग्री: गाय के दूध का मक्खन-250 ग्राम, पिसी चीनी-1 बड़ा चम्मच, मिश्री की टुकड़ी-1/2 कप, चेरी-10 पीस, बारीक कटा बादाम और पिस्ते का चूरा-आवश्यकतानुसार। 
विधि: सबसे पहले मक्खन अच्छी तरह फेंट लें। इसमें बादाम और पिस्ते का चूरा मिलाकर फ्रिज में रख दें। एक घंटे बाद फ्रिज से निकालकर इन्हें बॉल्स का शेप दें। हर बॉल को मिश्री के दानों में लपेटें। इन्हें दबाकर पेड़े का आकार दें। दोबारा फ्रिज में रख दें। चेरी से सजा लें।

6. धनिया चक्की
सामग्री: साबुत धनिया-200 ग्राम, चीनी-200 ग्राम, इलायची पावडर-1 छोटा चम्मच, शुद्ध घी-1 बड़ा चम्मच। 
विधि: मंदी आंच पर धनिया भून लें। इसे ठंडा कर मिक्सी में दरदरा पीस लें। अब चीनी में डेढ़ कप पानी और घी मिलाकर आंच पर रखें। इसे लगातार चलाते हुए दो तार की चाशनी बनाएं। इसमें पिसा धनिया और इलायची पावडर डालकर चलाएं। चिकनाई लगी ट्रे में मिश्रण डालकर जमा दें। तेज चाकू से मनचाहे आकार में धनिया चक्की काट लें।

7. चरणामृत
सामग्री: दूध-आधा कप, दही-1 बड़ा चम्मच, ठंडा पानी-1 कप, पिसी चीनी-2 बड़े चम्मच, घी-आधा छोटा चम्मच, शहद-आधा छोटा चम्मच, गंगा जल-1 छोटा चम्मच, तुलसी के पत्ते-5, केसर पत्ती-5, बारीक कटे बादाम और पिस्ते-जरूरत के अनुसार, चांदी का वर्क-1।
विधि: सबसे पहले दूध में चीनी घोलकर इसमें दही, घी, शहद, गंगा जल, तुलसी के पत्ते, केसर की पत्ती और 1 कप ठंडा पानी मिला लें। बारीक कटे बादाम, पिस्ता बुरक कर इस पर चांदी का वर्क लगाएं। भोग के लिए चरणामृत तैयार है।

CH Govt hbm ad
5379487