Logo
Monsoon Diet Plan: बारिश के मौसम में बीमार होने की आशंका सबसे ज्यादा संक्रमित भोजन करने से होती है। ऐसे में बचाव के लिए जरूरी है कि इस दौरान अपनी डाइट को लेकर आप पूरी सावधानी बरतें।

Monsoon Diet Plan: बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। बारिश ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत देती है, वहीं इस मौसम में कई तरह की बीमारियों के होने की आशंका भी बढ़ जाती है। वजह इस मौसम में हवा में नमी अधिक होती है, जो बैक्टीरिया के ग्रोथ के लिए सबसे अनुकूल वातावरण होता है। इसके अलावा बारिश में बीमारियां होने की भी आशंका अधिक रहती है। इनसे बचाव के लिए खानपान पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है, जिससे आप बीमारियों से बच कर स्वस्थ रह सकती हैं। आइए जानें, इस मौसम में क्या खाएं और किन-से परहेज करें?

क्या खाएं

  • बारिश में बीमारियां जैसे कॉलरा, टाइफाइड, पीलिया होने की आशंका अधिक रहती है। इसलिए काफी देर से खुला रखा या बाजार में खुले में बिकने वाला पानी ना पिएं, कोशिश करें उबला पानी ही पिएं, गंदे स्थान पर लगे नल का पानी पीने से बचें। बाहर निकलने पर अपने साथ पानी जरूर ले जाएं। 
  • बेकरी प्रोडक्ट्स जैसे ब्रेड, बिस्कुट और केक आदि को खरीदने से पहले जांच लें, क्योंकि इस मौसम में फंगस भी बहुत तेजी से बढ़ते हैं। इसलिए एक्सपायरी डेट देखकर ही कोई फूड आइटम खरीदें और खाएं।
  • यह मौसम फूड आइटम्स में बैक्टीरिया के पनपने के लिए उपयुक्त होता है। इससे बचाव के लिए खाने को उचित तापमान पर पकाएं। ऐसा खाना जल्दी संक्रमित नहीं होता है और कुछ समय तक खराब होने से बचाया जा सकता है। 
  • फलों और सलाद के लिए सब्जियों को खाने से पहले अच्छी तरह पानी से धो लें।
  • सब्जी को काटने से पहले दो-तीन बार पानी से धोकर ही उसके पकाना चाहिए।
  • कोशिश करें कि इस मौसम में ताजा खाना ही खाएं। खाना अगर कुछ देर पहले बना है और ठंडा हो गया है तो इसे दोबारा गरम कर ही खाना चाहिए। इससे बैक्टीरिया की संभावना खत्म हो जाती है। आमतौर पर लोग कुछ देर पहले बने खाने को गर्म नहीं करते हैं और यही संक्रमण का कारण बन सकता है। 
  • प्रोटीन रिच फूड जैसे मटन, चिकन, फिश, पनीर, चीज आदि के जल्दी खराब होने की आशंका रहती है। इन्हें पकाने के बाद देर तक ना रखें।
  • खाना खाने से पूर्व साबुन से हाथ जरूर धोएं।

इन चीजों से करें परहेज

  • इस मौसम में कटे रखे हुए फल खाना बीमारियों को दावत देना है, इससे बचना चाहिए।
  • सड़क किनारे खुले में बिकने वाले फूड्स नहीं खाने चाहिए, इससे संक्रमण फैल सकता है।
  • ऐसी आइसक्रीम खाने से बचना चाहिए, जो उचित तापमान में ना रखी गई हो। इस तरह की आइसक्रीम से गले में संक्रमण होने की आशंका अधिक रहती है। 
  • इस मौसम में बाजार में बिकने वाला जूस नहीं पीना चाहिए, भले ही वह ताजा क्यों ना हो, यह बीमार कर सकता है। 
  • बारिश में हरी सब्जियों को खाने से बचना चाहिए।

Disclaimer: रिचा शर्मा, सीनियर डाइटिशियन, कैलाश हॉस्पिटल, दिल्ली से बातचीत पर आधारित

5379487