haribhoomi hindi news
Henna on Hairs: बालों में मेहंदी लगाने का सही तरीका जानते हैं? स्टेप बाय स्टेप समझें कैसे अप्लाई करें

Henna on Hairs: सफेद बाल छिपाने हों, बालों में नैचुरल शाइन लानी हो या फिर केमिकल डाई से दूरी बनानी हो मेहंदी एक भरोसेमंद और पारंपरिक विकल्प है। सदियों से भारतीय घरों में बालों की देखभाल के लिए मेहंदी का इस्तेमाल किया जाता रहा है। यह न सिर्फ बालों को रंग देती है, बल्कि उन्हें ठंडक और मजबूती भी प्रदान करती है।

हालांकि, कई लोग मेहंदी लगाते तो हैं, लेकिन सही तरीका न अपनाने के कारण मनचाहा रंग और फायदा नहीं मिल पाता। अगर आप चाहते हैं कि बालों में मेहंदी का पूरा असर दिखे, तो जरूरी है कि इसे सही विधि से अप्लाई किया जाए। आइए स्टेप बाय स्टेप समझते हैं पूरा प्रोसेस।

इस तरीके से अप्लाई करें हीना

स्टेप 1: सही मेहंदी का चुनाव
सबसे पहले शुद्ध और केमिकल-फ्री मेहंदी पाउडर चुनें। बाजार में मिलने वाली कई मेहंदी में कृत्रिम रंग मिले होते हैं, जो बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पैकेट पर "नेचुरल" या "सौ फीसदी हर्बल" जरूर चेक करें।

स्टेप 2: मेहंदी घोलने का सही तरीका
एक लोहे या कांच के बर्तन में मेहंदी पाउडर लें। इसमें गुनगुना पानी, चाय का पानी या कॉफी डेकोक्शन मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। चाहें तो इसमें दही, नींबू का रस या आंवला पाउडर भी मिला सकते हैं। इसे 6-8 घंटे या रातभर ढककर रख दें, ताकि रंग अच्छे से रिलीज हो सके।

स्टेप 3: बालों की तैयारी
मेहंदी लगाने से पहले बाल साफ और सूखे होने चाहिए। तेल लगे बालों पर मेहंदी ठीक से नहीं चढ़ती। हल्के शैम्पू से बाल धोकर अच्छी तरह सुखा लें। कंधों पर तौलिया रखें और हाथों में ग्लव्स पहनें।

स्टेप 4: अप्लाई करने का सही तरीका
बालों को छोटे-छोटे सेक्शन में बांट लें। जड़ों से शुरू करते हुए ब्रश या हाथों की मदद से मेहंदी लगाएं। सुनिश्चित करें कि हर स्ट्रैंड कवर हो जाए। लगाने के बाद बालों को जूड़ा बनाकर शावर कैप पहन लें।

स्टेप 5: सही समय तक इंतजार
बेहतर रंग के लिए मेहंदी को कम से कम 2-3 घंटे तक बालों में लगा रहने दें। अगर गहरा रंग चाहते हैं, तो 4 घंटे तक भी रख सकते हैं।

स्टेप 6: धोने का सही तरीका
मेहंदी सूखने के बाद सिर्फ सादे पानी से बाल धोएं। उसी दिन शैम्पू न करें। अगले दिन हल्के शैम्पू से बाल धो सकते हैं। इससे रंग लंबे समय तक टिकता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

7