Logo
Stomach Ache Home Remedies: पेट दर्द होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। बच्चों को अक्सर पेट दर्द होता है, ऐसे में कुछ घरेलू उपाय मिनटों में आराम पहुंचा सकते हैं।

Stomach Ache Home Remedies: कई बार गलत खान-पान की वजह से पेट खराब हो जाता है और पेट में दर्द भी होने लगता है। बच्चों में तो अक्सर पेट दर्द की समस्या देखी जाती है। इसके पीछे की वजह ज्यादा खा लेना या बाजार की तली भुनी चीजें होती हैं। पेट दर्द होने पर तुरंत आराम पाने के लिए कई लोग दवाओं का सहारा लेते हैं, वहीं बहुत से लोग आज भी दादी-नानी के नुस्खों को आजमाते हैं। आज हम आपको कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बताएंगे, जिससे पेट दर्द से आराम पाया जा सकता है। 

पेट दर्द के लिए घरेलू उपाय

मेथी दाना - पेट दर्द में मेथी दाना का उपयोग काफी फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए पहले मेथी दाना को तवे पर डालकर भून लें। इसके बाद उन्हें पीसकर पाउडर बना लें। अब मेथी दाना पाउडर को गुनगुने पानी के साथ लें। कुछ वक्त में पेट दर्द में आराम महसूस होगा। 

हींग का पानी - औषधीय गुणों से भरपूर हींग पेट दर्द में बेहद फायदेमंद होती है। छोटे बच्चों को पेट दर्द होने पर हींग का पानी नाभि और आसपास लगाने से जल्द आराम मिलता है। पेट में बनने वाली गैस को निकालने में भी हींग असरदार होती है। एक कटोरी में थोड़ा सा पानी लेकर उसमें चुटकीभर हींग पाउडर डाल दें। इस घोल को पेट पर लगाने से राहत मिलेगी। 

अनार - पेट दर्द में अनार दानों का सेवन लाभकारी होता है। अनार दानों को काले नमक के साथ में खाने से कुछ वक्त में ही आराम दिखाई दे सकता है। इससे बदहजमी से भी राहत मिलती है। 

नींबू रस - नींबू का रस भी पेट दर्द में आराम दिलाता है। इसके लिए एक कटोरी में दो चम्मच नींबू का रस लें और उसमें थोड़ा का काला नमक मिला लें। अब इसमें आधा कप पानी डालकर मिलाएं और इस घोल को पी लें। कुछ वक्त में ही पेट दर्द से राहत महसूस होने लगेगी। 

पुदीना पत्ते - पेट दर्द में आराम दिलाने के लिए पुदीना के पत्ते भी असरदार होते हैं। इन्हें सीधे चबाकर खा सकते हैं या फिर 5-6 पत्तों को  एक कप पानी में डालकर उबाल लें। अब पानी गुनगुना होने पर इसे पिएं। इसे पीने से पेट के भारीपन में आराम मिलेगा और पेट दर्द भी कम हो जाएगा। 

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

5379487