Logo
सर्दियों के मौसम में छींके आना आम बात हो गई है। लेकिन क्या आपको पता है कि एलर्जी की वजह से भी छींके आ सकती है। सर्दी से प्रभावित कुछ लोग हैं जिन्होंने डॉ.  आर. पी. सिंह सीनियर फिजिशियन से कई सवाल किए।

Sneezing winter: सर्दियों के मौसम में छींके आना आम बात हो गई है। लेकिन क्या आपको पता है कि एलर्जी की वजह से भी छींके आ सकती है। सर्दी से प्रभावित कुछ लोग हैं, जिन्होंने डॉ. आर. पी. सिंह सीनियर फिजिशियन से कई सवाल किए। आइए जानते हैं सर्दियों में छींक आने को लेकर डॉ. का क्या कहना है?
 
सवाल-  मेरी उम्र 61 वर्ष है। सर्दी के मौसम में रोज सुबह छींकें आती हैं, कुछ देर बाद खुद ही बंद हो जाती हैं। ऐसा क्यों होता है, राहत के लिए मुझे क्या करना चाहिए?
जवाब- इस मौसम में काफी लोगों को इस तरह की समस्या होती है। ऐसा एलर्जी से होता है। इसमें जैसे ही व्यक्ति रजाई या कमरे से बाहर निकलकर खुले में आता है, छींकें आने लगती हैं। इससे बचने के लिए कोशिश करें कि आप कमरे से बाहर निकलने से पहले कैप लगा लें और पूरी तरह से वूलेन कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें।

सवाल- मेरी उम्र 45 वर्ष है। मैं कमर दर्द से परेशान रहता हूं। अकसर पेन किलर खाता हूं। इससे पेट भी खराब हो जाता है। कृपया बताएं मैं क्या करूं?
जवाब- जैसा आप बता रहे हैं कि आपका कमर दर्द हो रहा है, इसके लिए आपको विटामिन डी की जांच करानी चाहिए, क्योंकि मौजूदा समय काफी संख्या में लोगों में विटामिन डी की कमी पाई जा रही है। लोग धूप में कम बैठते हैं, इस वजह से ऐसी समस्या आ रही है। इसके साथ ही आप नियमित रूप में सुबह-शाम कमर की एक्सरसाइज करें। एक बार आप फिजियोथैरेपिस्ट से भी संपर्क करें। वे आपको कुछ एक्सरसाइज बताएगे। इसके साथ ही कैल्शियम की जरूरी मात्रा लेने के लिए नियमित दूध का सेवन करें। इन उपायों से आपको राहत मिलेगी। कोशिश करें कि पेन किलर कम से कम खाएं।

सवाल-  मेरी उम्र 36 वर्ष है। मैं दिन में दो बार भरपेट खाता हूं, फिर भी कुछ घंटे बाद ही भूख महसूस होती है। मेरा वेट भी ज्यादा नहीं है। कृपया इसका समाधान बताएं।
जवाब- आपकी समस्या पढ़कर लगता है आपको सबसे पहले शुगर की जांच करानी चाहिए, क्योंकि शुगर लेवल अधिक होने पर भूख बार-बार लगती है और वजन नहीं बढ़ता है। इसलिए आप एक बार जनरल फिजिशियन से संपर्क कर जांच कराएं। उसके बाद ही उपचार शुरू हो सकेगा।

सवाल- मेरी उम्र 29 वर्ष है। जाड़े में गर्म पानी से नहाता हूं। लेकिन नहाने के बाद स्किन ड्राय हो जाती है। इचिंग भी होती है। ऐसा ना हो, इसका कोई उपाय बताएं।
जवाब- सबसे पहले आप कोशिश करें कि अधिक गर्म पानी से ना नाहाएं, यानी बहुत ठंडे या गर्म के बजाय पानी को नॉर्मल कर लें और उससे नहाएं। साथ ही बाथरूम में नारियल का तेल रखें, नहाने के तुरंत बाद जब त्वचा गीली हो, तभी नारियल का तेल त्वचा पर लगा लें। इस तरह आपको ड्रायनेस और खुजली से राहत मिलेगी।

सवाल-  मैं 50 वर्ष का हूं। हार्ट पेशेंट हूं। दवा तो लेता हूं, लेकिन इसके साथ हार्ट को हेल्दी रखने के लिए डाइट और लाइफस्टाइल में क्या बदलाव करने चाहिए?
जवाब- जैसा आप बता रहे हैं कि आप हार्ट के पेशेंट हैं, इसलिए आपको अधिक तला-भुना खाना कम कर देना चाहिए या नहीं खाना चाहिए। साथ में आप सुबह-शाम आधे-आधे घंटे की सैर करें। खाने में सलाद जरूर शामिल करें। रात में समय से सोना चाहिए और सुबह जल्दी उठें। खाने में नमक कम खाएं।

सवाल - मेरी उम्र 57 वर्ष है। मैं कितने भी कपड़े पहन लूं, मुझे सर्दी बहुत महसूस होती है। सामान्य काम करने में परेशानी होती है। क्या डाइट में कुछ बदलाव से राहत मिल सकती है, कृपया बताएं                       
जवाब- हर आदमी का बॉडी स्ट्रक्चर अलग-अलग होता है। कुछ लोगों को अधिक सर्दी लगती है, कुछ लोगों को सर्दी कम महसूस होती है। इससे बचने के लिए आप कपड़े अधिक पहनें, साथ ही ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें और रात में हल्दी मिलाकर दूध पिएं।

प्रस्तुति: रिचा पांडे

डॉ.  आर. पी. सिंह
सीनियर फिजिशियन, एनसीआर

5379487