Congress 84th convention: कांग्रेस का 84वां अधिवेशन मंगलवार (8 अप्रैल) को अहमदाबाद में शुरू होगा। बुधवार (9 अप्रैल) तक चलने वाले अधिवेशन में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित 80 कांग्रेस नेता अहमदाबाद पहुचेंगे। अधिवेशन की शुरुआत कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के साथ होगी। अधिवेशन में 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही 'संविधान बचाओ यात्रा' नामक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत भी अहमदाबाद से होगी।
राहुल और सोनिया अहमदाबाद रवाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी अहमदाबाद के लिए रवाना होने के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचे।
#WATCH | दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी अहमदाबाद के लिए रवाना होने के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचे।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 8, 2025
आज अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यसमिति का सत्र शुरू होने वाला है। pic.twitter.com/J8KHCulJxr
आज कब, क्या होगा
मंगलवार को सुबह 11 बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की विस्तारित बैठक होगी। बैठक में राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के अलावा CWC के स्थायी और विशेष सदस्य शामिल होंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, सभी राज्यों के प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी बैठक में पहुंचेंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होगी। गुजरात में पार्टी की स्थिति को मजबूत करने, चुनावी रणनीतियों और नीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रारंभिक रोडमैप तैयार भी तैयार होगा। बैठक के बाद शाम 5 बजे साबरमति आश्रम पर प्रार्थन सभा और रात 7.45 बजे साबरमति रिवरफ्रंट इवेंट सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
64 साल बाद गुजरात में अधिवेशन
बता दें कि कांग्रेस गुजरात में 64 साल बाद कार्यक्रम कर रही है। इससे पहले 1961 में भावनगर में अधिवेशन हुआ था। यह आजादी के बाद गुजरात में कांग्रेस का पहला कार्यक्रम था। इस साल महात्मा गांधी के बतौर कांग्रेस अध्यक्ष 100 साल पूरे हो रहे हैं। इसके अलावा सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती भी है। दोनों ही महान विभूतियां गुजरात में पैदा हुई थीं, इसलिए कांग्रेस पार्टी ये अधिवेशन गुजरात में कर रही है।
कल कब क्या होगा
9 अप्रैल को मुख्य कार्यक्रम साबरमती रिवरफ्रंट पर होगा। AICC का पूर्ण अधिवेशन प्लेनरी सेशन अयोजित किया जाएगा। आयोजन में देशभर से 1700 से अधिक एआईसीसी प्रतिनिधि, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में पार्टी की दिशा और लक्ष्यों पर जोर दिया जाएगा। राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर प्रस्ताव रखे जाएंगे।
इन मुद्दों पर दिया जाएगा जोर
केंद्र सरकार की नीतियों (जैसे बेरोजगारी, महंगाई, किसान संकट, वक्फ संधोशन बिल) की आलोचना की जाएगी। गुजरात में जल संकट, औद्योगिक नीतियां और आदिवासी अधिकारों जैसे स्थानीय मुद्दों पर जोर दिया जाएगा। अधिवेशन की थीम 'न्यायपथ: संकल्प, समर्पण, और संघर्ष' पर चर्चा के तहत पार्टी की विचारधारा और भविष्य की रणनीति पर विमर्श करना है।