Logo
Assam Gang Rape Case: असम के धिंग में हुए गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की मौत हो गई है। पुलिस कस्टडी से बचने के लिए आरोपी ने तलाब में छलांग लगाई। जिसके बाद डूबने से उसकी मौत हो गई

Assam Gang Rape Case:असम के नगांव जिले के धिंग इलाके में 14 साल की नाबालिग के साथ हुए गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपी तफज़ुल इस्लाम की मौत हो गई है। पुलिस उसे सुबह 4 बजे घटना स्थल पर ले जा रही थी, ताकि क्राइम सीन को रीक्रिएट किया जा सके। इस दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और एक तालाब में कूद गया। लगभग दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उसकी लाश तालाब से बरामद की।

 2 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद हुआ शव
धिंग गैंगरेप मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी तफज़ुल इस्लाम ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस उसे सुबह 4 बजे घटना स्थल पर ले जा रही थी, जब उसने एक तालाब में कूदकर भागने की कोशिश की। पानी में डूबने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। दो घंटे बाद, रेस्क्यू टीम ने तालाब से इस्लाम की लाश बरामद की। इस घटना ने राज्य में पहले से ही फैले आक्रोश को और बढ़ा दिया है।

पुलिस ने शुक्रवार को किया आरोपी को गिरफ्तार
पुलिस ने गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी तफज़ुल इस्लाम को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। उसे इस जघन्य अपराध में शामिल तीसरे आरोपी के रूप में पहचाना गया था। इस घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के समय पीड़िता ट्यूशन से घर लौट रही थी, तभी तीन लोगों ने उसे रास्ते में रोककर गैंगरेप किया। पीड़िता को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पाया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।

गैंगरेप की घटना के बाद फूटा था जनता का गुस्सा
गैंगरेप की इस घटना के बाद राज्य में जनाक्रोश फूट पड़ा है। शुक्रवार सुबह समाज के विभिन्न वर्गों के लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। छात्र संघ ने बंद का आह्वान किया, जिसके बाद व्यापारियों ने अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद कर दिए। सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की थी। साथ ही लड़कियों की सुरक्षा के लिए समुचित कदम उठाने की मांग की थी

मुख्यमंत्री ने भी गैंगरेप की घटना पर जाहिर की थी नाराजगी
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस घटना को मानवता के खिलाफ अपराध करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'धिंग में एक नाबालिग के साथ हुई इस भयावह घटना ने हम सभी की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दोषियों को किसी भी हाल में नहीं बख्शेंगे और न्याय दिलाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने असम पुलिस के महानिदेशक को मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

इस मामले के दूसरे आरोपियों की तलाश जारी
इस घटना ने राज्य में व्यापक आक्रोश फैलाया है। नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी इस मामले में न्याय की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस अब तक इस मामले में जांच कर रही है और दूसरे आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

5379487