Logo
BJP's Rajya Sabha Tally: राज्यसभा की अधिकतम क्षमता 245 सदस्यों की है। अभी जम्मू-कश्मीर की 4 सीटें और मनोनीत सदस्य की सीट खाली है। 30 सीटों की जीत के साथ सभी 56 सदस्यों के शपथ लेने के बाद राज्यसभा में भाजपा की संख्या 97 और एनडीए की संख्या 117 हो जाएगी।

BJP's Rajya Sabha Tally: 15 राज्य, 56 सीटें। जी हां, बात हो रही राज्यसभा चुनाव की। इस चुनाव में सत्तारूढ़ दल भाजपा ने आधे से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है। 20 सीटों पर तो निर्विरोध पताका फहराया था, वहीं मंगलवार को जब चुनाव की नौबत आई तो 10 और उम्मीदवार जीत गए। इससे भाजपा को उच्च सदन में काफी बढ़त मिली है। जीते हुए सांसद जब शपथ ले लेंगे तो राज्यसभा में कुल 240 सदस्य हो जाएंगे। 

ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 240 सदस्यीय सदन में बहुमत के आंकड़े 121 से केवल चार नंबर पीछे है। 

अभी अधिकतम क्षमता 245 सदस्यों की
राज्यसभा की अधिकतम क्षमता 245 सदस्यों की है। अभी जम्मू-कश्मीर की 4 सीटें और मनोनीत सदस्य की सीट खाली है। 30 सीटों की जीत के साथ सभी 56 सदस्यों के शपथ लेने के बाद राज्यसभा में भाजपा की संख्या 97 और एनडीए की संख्या 117 हो जाएगी। भाजपा 97 सदस्यों के साथ राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है। जिसमें पार्टी में शामिल हुए पांच नॉमिनेटेड सांसद भी शामिल हैं। कांग्रेस राज्यसभा में दूसरे नंबर की पार्टी है। उसके पास 29 सदस्य हैं। 

तीन राज्यों के चुनाव में जमकर हुई क्रॉस वोटिंग
उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और हिमाचल में मंगलवार को 15 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव हुए। इस दौरान जमकर क्रॉस वोटिंग हुई। जिसमें भाजपा ने 10, कांग्रेस ने तीन और समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीतीं। भाजपा को चुनाव में सबसे अधिक फायदा हुआ। उत्तर प्रदेश में एक अतिरिक्त सीट जीती और हिमाचल प्रदेश में एक सीट हासिल की। सबसे ज्यादा हिमाचल ने चौंकाया। कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी हार गए। उनकी पार्टी कांग्रेस के ही छह विधायकों ने चुनाव में क्रॉस वोटिंग की। भाजपा के हर्ष वर्धन विजयी हुए। 

इसके परिणामस्वरूप कांग्रेस सरकार संकट से घिर गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में बहुमत खो दिया है। 

उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव
भाजपा ने उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में आठ सीटें जीतीं और समाजवादी पार्टी को दो सीट मिली। सपा ने तीन उम्मीदवार उतारे थे। उत्तर प्रदेश में जीतने वाले आठ भाजपा उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, पूर्व विधायक साधना सिंह, नवीन जैन और संजय सेठ हैं।

समाजवादी पार्टी की जया बच्चन और रामजी लाल सुमन ने भी जीत हासिल की। सपा द्वारा मैदान में उतारे गए तीसरे उम्मीदवार आलोक रंजन को हार का सामना करना पड़ा।

कर्नाटक राज्यसभा चुनाव
कर्नाटक में नतीजे उम्मीद के अनुरूप रहे। राज्य में सत्ता पर काबिज कांग्रेस ने तीन सीटें और भाजपा ने एक सीट जीती। कांग्रेस उम्मीदवारों को विधानसभा में पार्टी की संख्या से ज्यादा वोट मिले। बीजेपी-जेडीएस उम्मीदवार कुपेंद्र रेड्डी चुनाव हार गए। बीजेपी विधायक एसटी सोमशेखर ने कांग्रेस के पक्ष में वोट किया।

हिमाचल प्रदेश राज्यसभा चुनाव
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को गहरा झटका लगा। एकमात्र राज्यसभा सीट के चुनाव में पार्टी के छह विधायकों सहित 9 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। हर्ष महाजन और अभिषेक मनु सिंघवी दोनों को 34-34 वोट मिलने के बाद विजेता का फैसला ड्रॉ के जरिए किया गया। 
 

5379487