Logo
West Bengal News: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शनिवार को कहा कि संदेशखाली हो या मालदा, बंगाल में कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कारियों को बचाया जा रहा है।

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में संदेशखाली में यौन हिंसा, जमीन हड़पने का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इस बीच मालदा में एक 9वीं की छात्रा के साथ दरिंदगी सामने आई है। छात्रा की रेप के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव ईंट भट्टे पर मिला। उसके शरीर पर कई चोटें थीं। चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया था। पीड़िता आदिवासी थी। बच्ची एक दिन पहले स्कूल गई थी, लेकिन लापता हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भाजपा ने सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। 

भाजपा का आरोप- बलात्कारियों को बचाया जा रहा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शनिवार को कहा कि संदेशखाली हो या मालदा, बंगाल में कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है। क्रूर बलात्कार और हत्या के एक अन्य मामले में नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा, पुराने मालदा विधानसभा के भाबुक गांव में एक ईंट भट्टे पर मृत पाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कारियों को बचाया जा रहा है।

भाजपा नेता ने दावा किया मालदा में यह पहला ऐसा मामला नहीं है। हाल ही में बलात्कार और हत्या के बाद 25 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव मिला था। लेकिन शाहजहां शेख जैसे लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है और जो लोग इसके खिलाफ बोलते हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। यह टीएमसी की तालिबानी मानसिकता और संस्कृति है।

टीएमसी का प्रतिनिधि मंडल संदेशखाली पहुंचा
टीएमसी का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को संदेशखाली में स्थानीय लोगों से मिलने पहुंचा। पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस ने कहा कि हम स्थिति का जायजा लेने के लिए यहां आए हैं। आगजनी की एक घटना के संबंध में कुछ काम चल रहा है। हम इसकी निगरानी करने के लिए यहां हैं। 

सीपीआई (एम) नेता मीनाक्षी मुखर्जी ने सुबह उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में पीड़ितों से मुलाकात की। हालांकि, बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें कई ऐसी जगहों पर जाने से रोक दिया, जहां भी संदेशखाली जैसी शिकायतें सामने आई हैं।

क्यों चर्चा में है संदेशखाली?
संदेशखाली कुछ दिनों से चर्चा में है। कई महिलाओं ने टीएमसी नेता शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों पर यौन उत्पीड़न, जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। शाहजहां अभी तक पकड़ा नहीं गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की टीम ने उत्तर 24 परगना द्वीपों में हिंसा की घटनाओं की स्पॉट-इंक्वायरी के माध्यम से तथ्यों का पता लगाने और पीड़ितों से मिलने के लिए संदेशखाली का दौरा किया।

आयोग ने पाया है कि संदेशखाली में हाल की घटनाएं अंतरात्मा को झकझोर देने वाली हैं। एनएचआरसी ने डीजीपी को नोटिस जारी कर संदेशखाली में एक समाचार चैनल के पत्रकार को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के मामले में दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। 

5379487