Logo
Congress First Lok Sabha Candidates List: केरल में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी ने वायनाड सीट के लिए राहुल गांधी का नाम सुझाया है। वे इस सीट से मौजूदा सांसद हैं। सूत्रों ने कहा कि पूरी संभावना है कि राहुल गांधी फिर से वायनाड से चुनाव लड़ेंगे।

Congress First Lok Sabha Candidates List: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। इसी के साथ यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि राहुल गांधी किस सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति ने गुरुवार को बैठक कर उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए। वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, दिल्ली और लक्षद्वीप की सीटों को अंतिम रूप दिया है। जल्द ही उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।

दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी शामिल हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ जयपुर में थे। उन्हें भी बैठक में शामिल होना था, लेकिन नहीं पहुंच पाए। 

वायनाड से ही लड़ेंगे राहुल गांधी?
केरल में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी ने वायनाड सीट के लिए राहुल गांधी का नाम सुझाया है। वे इस सीट से मौजूदा सांसद हैं। सूत्रों ने कहा कि पूरी संभावना है कि राहुल गांधी फिर से वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ने के अलावा अपने पुराने क्षेत्र अमेठी में लौटेंगे या नहीं।

इस बात पर भी अनिश्चितता बनी हुई है कि क्या कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ेंगी? हाल ही में उनकी मां सोनिया गांधी राज्यसभा पहुंचीं। इससे रायबरेली सीट खाली है। रायबरेली के कार्यकर्ताओं की चाहत है कि प्रियंका कांग्रेस की इस पारंपरिक सीट से मैदान में उतरें। 

पहली सूची के ये संभावित चेहरे

  • केरल में कांग्रेस 20 में से 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर की दोबारा इसी सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है।
  • छत्तीसगढ़ से कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगांव से, ताम्रध्वज साहू को दुर्ग से, ज्योत्सना महंत को कोरबा से और शिव डेहरिया को जांजगीर-चांपा सीट से मैदान में उतार सकती है।
  • कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। 4-5 सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला अभी भी शीर्ष नेतृत्व द्वारा नहीं किया गया है।
  • सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस का गढ़ रही गुलबर्गा सीट पर चर्चा नहीं हुई। जबकि चर्चा थी कि मल्लिकार्जुन खड़गे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि टिकट की दौड़ में सबसे आगे हैं। 

दिल्ली की सीटों के लिए कई नाम
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली कांग्रेस इकाई ने सात लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की एक लंबी सूची पेश की है, जिन पर विचार किया जाना है। आलाकमान ने दिल्ली इकाई को कुछ नामों को शॉर्टलिस्ट करने और अंतिम मंजूरी के लिए वापस आने को कहा।

सूत्रों के मुताबिक चांदनी चौक सीट के लिए जेपी अग्रवाल, संदीप दीक्षित और अलका लांबा के नाम पर चर्चा हुई। उत्तर पूर्वी दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली और अनिल चौधरी का नाम सामने आया है। उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान और उदित राज के नाम पर विचार किया जा रहा है।

कांग्रेस ने 5 गारंटियों का किया ऐलान
कांग्रेस ने युवाओं को 5 गारंटी देने का ऐलान किया है। 

भर्ती भरोसा: 30 लाख सरकारी पदों पर तत्काल नियुक्ति।
पहली नौकरी पक्की: हर ग्रेजुएट और डिप्लोमाधारी को एक लाख रुपए हर साल स्टाइपेंड के अप्रेंटिसशिप की गारंटी।
पेपर लीक से मुक्ति: पेपर लीक रोकने के लिए नया कानून बना कर विश्वसनीय ढंग से परीक्षा के आयोजन की गारंटी।
GIG इकॉनोमी में सामाजिक सुरक्षा: GIG इकॉनोमी की वर्क फोर्स के लिए काम की बेहतर परिस्थितियों, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी।
युवा रोशनी: 5000 करोड़ के राष्ट्रीय कोष से ज़िला स्तर पर युवाओं को स्टार्ट-अप फंड देकर उन्हें उद्यमी बनाने की गारंटी।

5379487