Logo
Kolkata Doctor Murder Case: कोलकाता डॉक्टर हत्याकांड पर टीएमसी सांसद सुकेंदु शेखर रॉय ने ममता सरकार पर सवाल उठाए हैं। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल और पुलिस कमिश्नर को कस्टडी में लेने की मांग की है।

Kolkata Doctor Murder Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय महिला डॉक्टर के बलात्कार और हत्या के मामले में, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुकेंदु शेखर राय ने ममता सरकार पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने सीबीआई से पूर्व प्राचार्य और पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच करने की अपील की है। उन्होंने ममता बनर्जी के फैसलों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्राचार्य संदीप घोष को हटाने में देरी क्यों की गई?

पूर्व प्रिसिंपल को हिरासत में लेने की मांग की
सुकेंदु शेखर ने अपने पोस्ट में लिखा, 'सीबीआई को निष्पक्षता से काम करना चाहिए। पूर्व प्राचार्य और पुलिस आयुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जानी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि आत्महत्या की कहानी किसने और क्यों फैलाई। हॉल की दीवार क्यों तोड़ी गई, संजय रॉय (मुख्य आरोपी) को इतना शक्तिशाली बनाने के लिए किसने संरक्षण दिया? तीन दिन बाद स्निफर डॉग का इस्तेमाल क्यों किया गया? ऐसे सैकड़ों सवाल हैं। उन्हें बोलने के लिए मजबूर करें।'

सुकेंदु शेखर ने किया प्रदर्शनकारियों का समर्थन
सुकेंदु शेखर इस घटना के बाद से लगातार मुखर हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि कोलकाता महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर नहीं है। उन्होंने डॉक्टरों के विरोध का समर्थन करते हुए लिखा, 'मैं प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हो रहा हूं, खासकर इसलिए क्योंकि मेरी भी एक बेटी और पोती है। हमें इस अवसर पर उनका समर्थन करना चाहिए। महिलाओं के खिलाफ अत्यधिक क्रूरता हो रही है। आइए हम सब इसके खिलाफ विरोध करें, चाहे कुछ भी हो जाए। इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों को फांसी पर लटका देना चाहिए।'

पहले भी विवादों में रहे हैं संदीप घोष 
आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य संदीप घोष, जिन पर सुकेंदु शेखर ने सवाल उठाए हैं, पहले भी विवादों में रहे हैं। सीबीआई ने उनसे लगातार कई घंटों तक पूछताछ की थी। इसके पहले कोलकाता हाई कोर्ट ने भी संदीप घोष को फटकार लगाई थी। मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप अधीक्षक अख्तर अली ने संदीप घोष के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे।

अस्पताल में डॉक्टर के साथ की हुई बर्बरता
यह घटना 8-9 अगस्त की रात को हुई, जब कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक 31 वर्षीय महिला डॉक्टर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह महिला डॉक्टर अस्पताल के सेमिनार हॉल में अचेत अवस्था में पाई गई थी। उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि पीड़िता की हत्या गला दबाकर की गई थी और उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।

5379487