Logo
Dr. Mohan Yadav become Chief Minister of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई है। उज्जैन दक्षिण से विधायक डॉक्टर मोहन यादव एमपी के नए सीएम होंगे।

Dr. Mohan Yadav become Chief Minister of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई है। उज्जैन दक्षिण से 58 साल के विधायक डॉक्टर मोहन यादव एमपी के नए सीएम होंगे। मोहन यादव ओबीसी वर्ग से हैं। जुलाई 2020 में मोहन यादव तत्कालीन शिवराज सिंह सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री बनाए गए थे।

दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए गए। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को उपमुख्यमंत्री पद मिला है। जगदीश देवड़ा मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ से विधायक हैं और वे एससी वर्ग से हैं। जबकि राजेंद्र शुक्ला रीवा सीट से विधायक हैं। ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। नरेंद्र तोमर मुरैना जिले की दिमनी सीट से विधायक हैं। 

Dr. Mohan Yadav
Dr. Mohan Yadav

मोहन बोले- मैं एक छोटा कार्यकर्ता
शायद मोहन यादव ने भी सोचा नहीं होगा कि उनके नाम को बतौर मुख्यमंत्री ऐलान किया जाएगा। सीएम बनाए जाने पर मोहन यादव कहते हैं, 'मैं पार्टी का एक छोटा कार्यकर्ता हूं। मैं आप सभी को राज्य नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। आपके प्यार और समर्थन से मैं अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की कोशिश करूंगा।'

पर्यवेक्षकों ने विधायकों से रायशुमारी के बाद लिया निर्णय
इससे पहले दिल्ली से आए पर्यवेक्षक मनोहर लाल खट्टर, डॉक्टर के लक्ष्मण और आशा लकड़ा ने राज्य के भाजपा मुख्यालय में विधायकों के साथ बैठक की। सभी की राय जानने के बाद मोहन यादव के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। वहीं, शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। 

डॉ. मोहन यादव 
उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। 
जन्म:  25 मार्च 1965
उम्र- 58 साल
जन्म स्थान- उज्जैन
शिक्षा- एमबीए, पीएचडी

मोहन यादव का सियासी सफर
डॉ. मोहन यादव ने माधव विज्ञान कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उज्जैन के नगर मंत्री रहे। 1982 में छात्र संघ के सह सचिव चुने गए। भाजपा की राज्य कार्यसमिति के सदस्य, सिंहस्थ और मप्र केंद्रीय समिति के सदस्य रहे हैं। मध्य प्रदेश विकास प्राधिकरण के प्रमुख और पश्चिम रेलवे बोर्ड में सलाहकार समिति के सदस्य रह चुके हैं।

जानिए दोनों उपमुख्यमंत्रियों को

जगदीश देवड़ा
मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
जन्म: 01 जुलाई 1957
उम्र- 66 साल
जन्म स्थान- रामपुरा (नीमच)
शिक्षा- एमए, एलएलबी

  • स्कूल में पढ़ाई के वक्त से विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए थे। 1979 में रामपुरा कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष बने। भाजपा युवा मोर्चा में अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाली। 1990 और 1993 में विधायक बने। 2003 में राज्यमंत्री बने। 2008 में कैबिनेट मंत्री बने। 2013 और 2018 में छठी बार विधायक चुने गए। 2 जुलाई को शिवराज सरकार में वित्त मंत्री बनाए गए।
MP Deputy CM
बाएं से- जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला।

राजेंद्र शुक्ला
रीवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
जन्म: 3 अगस्त 1964
उम्र- 59 वर्ष
जन्म स्थान- रीवा
शिक्षा- सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री 

  • सरकारी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। 1986 में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए। 2003 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और सक्रिय रूप से राजनीति में उतरे। इसके बाद 2008, 2013 और 2018 में भी विधायक बने। 2013 में शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए। 2023 में फिर चुनाव से करीब तीन माह पहले जनसंपर्क और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री बने।

एमपी में भाजपा ने जीतीं 163 सीटें
मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 17 नवंबर को मतदान हुआ था और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को हुई थी। राज्य में करीब 20 साल की सत्तासीन भाजपा ने 163 सीटें हासिल कर शानदार जनादेश हासिल किया। जबकि कांग्रेस 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। 

5379487