Logo
Haryana Assembly Election: हरियाणा चुनाव से पहले विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल होंगी। विनेश फोगाट कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आवास पर पहुंच गई हैं। पहलवान बजरंग पुनिया भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

Haryana Assembly Election: हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया आज कांग्रेस पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। शुक्रवार को दोनों पहलवानों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात की। कुछ दिन पहले दोनों पहलवानों ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे कि ये दोनों दिग्गज पहलवान राजनीति में कदम रख सकते हैं। इस बीच विनेश फोगाट ने रेलवे की नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। 

कांग्रेस में शामिल होंगे बड़े नाम
सूत्रों के मुताबिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर पार्टी में शामिल होंगे। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने भी पुष्टि की है कि पार्टी इस वक्त आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ गठबंधन की बातचीत कर रही है। कांग्रेस को उम्मीद है कि इन दोनों पहलवानों की एंट्री से पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।

बजरंग पुनिया कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आवास पहुंचे

विनेश फोगाट भी खड़गे आवास पर पहुंचीं

 

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद तेज हुई अटकलें
4 सितंबर को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद इन दोनों पहलवानों का कांग्रेस में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा था। दोनों ने मिलकर राज्य में कांग्रेस की संभावनाओं पर चर्चा की थी। राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस के नेताओं से भी इस संभावित गठबंधन पर सुझाव मांगे थे। इसके बाद से ही इस घटना की चर्चा हरियाणा के राजनीतिक हलकों में हो रही थी। 

किसान मुद्दे पर विनेश फोगाट का स्टैंड
इससे पहले, 31 अगस्त को विनेश फोगाट ने शंभू बॉर्डर पर किसानों के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। किसान, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए कानूनी गारंटी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। यह विरोध प्रदर्शन 200 दिनों से जारी था। विनेश ने किसानों का समर्थन करते हुए सरकार से अपील की थी कि उनकी मांगों को सुना जाए।

खेल के मैदान से राजनीति की ओर
विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया दोनों ही अपने खेल करियर में असाधारण प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन खेल के अलावा अब वे राजनीतिक मैदान में भी उतरने के लिए तैयार हैं। विनेश ने अपने खेल जीवन में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन हाल ही में उन्हें कुछ चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। 7 अगस्त को वे 50 किलोग्राम महिला वर्ग के फाइनल में पहुंची थीं, लेकिन बाद में महज 50 ग्राम वलन बढ़ा होने की वजह से विनेश को अयोग्य ठहरा दिया गया। 

हरियाणा चुनाव के समीकरण
हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए यह एक अहम कदम साबित हो सकता है। विनेश और बजरंग की एंट्री से पार्टी की संभावनाएं बढ़ी हैं। खासकर AAP और दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन की बात चल रही है। हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव और 8 अक्टूबर को मतगणना होगी। इस चुनाव में दोनों पहलवानों की भूमिका अहम हो सकती है।

5379487