Logo
Hathras Stampede: हाथरस भगदड़ कांड में 6 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम घोषित। योगी सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन किया।

Hathras Stampede: हाथरस भगदड़ कांड के तीसरे दिन पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आईजी रेंज अलीगढ़ शलभ माथुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार सभी 6 आरोपी आयोजन समिति के सदस्य हैं। इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। ये आरोपी राम लड़ैते यादव, उपेंद्र यादव, मेड सिंह, मंजू यादव, मुकेश कुमार, और मंजू देवी हैं। इनकी देख-रेख में ही सत्संग चल रहा था।

देव प्रकाश मधुकर पर इनाम घोषित
पुलिस ने मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम घोषित किया है। वह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस ने मैनपुरी, ग्वालियर, कानपुर और हाथरस समेत 8 ठिकानों पर छापे मारे हैं। देव प्रकाश मधुकर हाथरस के मोहल्ला दमदमपुरा की न्यू कॉलोनी में रहता है और पंचायती राज विभाग में इंजीनियर है। घटना के बाद से वह अपने परिवार के साथ फरार है।

भोले बाबा के वकील एपी सिंह का बयान
भोले बाबा के वकील एपी सिंह ने घायलों से मिलने अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाबा के पास कोई आश्रम नहीं है और वह पेंशन से अपना गुजारा करते हैं। पुलिस की टीम जब भी बाबा को जांच के लिए बुलाएगी, वह आएंगे। हादसे के 48 घंटे बाद भी पुलिस नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने एटा, हाथरस और मैनपुरी से 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।

न्यायिक आयोग का गठन
योगी सरकार ने हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया है। इसकी अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस बृजेश कुमार श्रीवास्तव करेंगे। रिटायर्ड IAS हेमंत राव और रिटायर्ड DG भवेश कुमार सिंह आयोग के सदस्य हैं। टीम 2 महीने में जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के सुझाव भी देगी।

हादसे के पीछे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सत्संग के बाद श्रद्धालु बाबा के काफिले के पीछे उनकी चरण रज लेने के लिए दौड़े। भीड़ को काबू में करने के लिए पानी की बौछारें डाली गईं। लोग भागने लगे, जिससे भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 19 लोगों की जान गई है। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने इसे प्रशासन की असफलता बताया और कहा कि पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। 

5379487