Logo
Weather Updates: इस सीजन में मानसून में देरी के चलते देशभर में अब तक 19% कम बारिश हुई है। उत्तर पश्चिम भारत में 57% और मध्य भारत में 23% कम पानी बरसा है। अब उत्तर भारत में मानसून तेजी पकड़ेगा।

Weather Updates: दक्षिण-पश्चिम मानसून जून के आखिरी तीन दिनों में तेजी के साथ उत्तर भारत में आगे बढ़ेगा। बुधवार को मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड समेत कई उत्तरी राज्यों में 28 से 30 जून के बीच भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की। आईएमडी के मुताबिक, बारिश की गतिविधि उत्तर पश्चिम भारत में बढ़ने की संभावना है। सीजन में अब तक मानसून अपने सामान्य दिनों के मुकाबले करीब एक हफ्ते देरी से चल रहा है। 11 जून के बाद 9 दिनों तक यह धीमा रहा है।  

अगले 3-4 दिनों के लिए IMD का अनुमान?

  • मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा मुंद्रा, मेहसाणा, उदयपुर, शिवपुरी, सिद्धि, ललितपुर, चाईबासा, हल्दिया, पाकुड़, साहिबगंज और रक्सौल से होकर गुजर रही है। उत्तरी अरब सागर, गुजरात राज्य, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। 
  • इसमें राजस्थान के कुछ और हिस्से, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्से, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश भाग, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्से, अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्से, पंजाब के उत्तरी हिस्से और हरियाणा के उत्तरी हिस्से शामिल हैं।

अब तक देश में 19% बारिश कम हुई
सीजन में अब तक मौजूदा मानसून अपने सामान्य के मुकाबले हफ्तेभर पीछे है। 11 जून के बाद करीब 9 दिनों तक यह धीमा रहा है। पूरे देश में 19% बारिश की कमी है। उत्तर पश्चिम भारत में 57%, मध्य भारत में 23% बारिश कम हुई है। जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 16% और प्रायद्वीपीय भारत में 9% ज्यादा पानी बरस चुका है। 

उत्तराखंड, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अलर्ट
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव एम राजीवन ने X पर लिखा- मानसून आगे बढ़ेगा और 5 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेगा। पश्चिमी तट और उत्तर भारत में भारी बारिश के साथ अगले 2-3 हफ्ते में मानसून एक्टिव रहेगा। उत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ की आशंका है। दूसरी ओर, आईएमडी ने 28 से 30 जून के बीच उत्तराखंड, 28 से 29 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और 29 से 30 जून को हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अति भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बिहार में बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत
मानसून सीजन में बिहार में बिजली गिरने से पिछले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर 8 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, मुंगेर और भागलपुर में 2-2, जमुई, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और अररिया में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य सरकार ने सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। सरकार ने लोगों अपील की है कि वे बारिश के मौसम में उचित सावधानी बरतें।

5379487