Aaj ka Mausam: देश (India) में आज का मौसम (रविवार, 30 मार्च) को कैसा रहेगा? उत्तर प्रदेश, झारखंड और पंजाब में गर्मी है। छत्तीसगढ़ में हीट वेव चलेगी। हरियाणा और राजस्थान में उत्तरी हवा से ठंडक है। एमपी में मौसम फिर बदलेगा। मौसम विभाग ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल, और गुजरात में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में तेज हवा चलेगी और गर्मी से राहत मिलेगी। आइए जानते हैं कि देशभर के मौसम को लेकर IMD की रिपोर्ट क्या कहती है?
दिल्ली का मौसम सुहाना
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मार्च का अंत दिल्लीवालों के लिए सुहावने मौसम के साथ होगा। अप्रैल महीने की शुरुआत गर्मी से साथ होगी। 1 अप्रैल से शहर के तापमान में वृद्धि होने शुरू हो जाएगी और आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में रविवार को तेज हवा चलेगी। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। दोपहर के समय धूप खिली रहेगी लेकिन हवाओं के कारण धूप का असर कम रहेगा।शहर का न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक रह सकता है।
यूपी में बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में दिन के तापमान में गिरावट आई है। एक अप्रैल से तापमान बढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ने के आसार है। रविवार को प्रदेश के पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्रों में गर्म हवा और लू जैसे हालात बने रहने के आसार हैं। तापमान में 1-2 डिग्री की और वृद्धि हो सकती है। 31 मार्च को पूर्वी और मध्य यूपी में भी गर्मी का असर तेज होगा। एक अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और गर्म हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ जिलों में हल्की धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में फिर मौसम बदल गया है। उत्तरी हवा चलने से सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। कुछ शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। एक पश्चिमी विक्षोभ 2 अप्रैल से सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बूंदी और झालावाड़ जिलों बारिश होने की संभावना है।
इन शहरों में ठंडक
प्रदेश में उत्तरी हवा चलने से कुछ शहरों में रात में सर्दी बढ़ गई। हनुमानगढ़ में कल न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर (सीकर) में 7.2 और माउंट आबू (सिरोही) में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पाली, करौली, सिरोही, बारां, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, सीकर, पिलानी, भीलवाड़ा और टोंक में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
एमपी में ओले-बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में 30 मार्च को दिन-रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। 1 और 2 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल संभाग में भी बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से मौसम बदल सकता है। 30 मार्च को दिन-रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर में दिन का पारा 35-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रह सकता है।
छत्तीसगढ़ में आज भी हीट-वेव अलर्ट
छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में गर्म दिन होने की चेतावनी जारी की है। 1 अप्रैल से छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव हो सकता है। 1 और 2 अप्रैल को तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक दिन तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होगा।
हरियाणा में आज भी चलेगी ठंडी हवा
हरियाणा में रविवार को भी ठंडी हवा का असर रहेगा। प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मौसम में दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में 2 अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव की संभावना से हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। जिससे विशेषकर दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
पंजाब में सताएगी गर्मी
पंजाब में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से से तापमान में दोबारा वृद्धि शुरू हो जाएगी। आने वाले दिनों में ना बारिश का अनुमान है। ना ही कोई पश्चिमी विक्षोभ शुरू हो रहा है। जिसके चलते अब आने वाले 5 दिनों में 3 से 7 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है। अधिक तापमान 31.5°C गुरदासपुर में दर्ज किया गया।
झारखंड में पारा 40.5 डिग्री के पार
झारखंड में तपिश बढ़ती जा रही है। कई जिलों में पारा 40 पार हो गया है। 30 और 31 मार्च को मौसम साफ रहेगा। अप्रैल में भी दो दिन एक व दो अप्रैल को मौसम साफ और मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सबसे अधिक तापमान 40.5 डिग्री डालटनगंज का रहा। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और चाईबासा का तापमान 40.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
आगे क्या: इन राज्यों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा में मौसम बदलेगा। 1-2 अप्रैल को हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में तेज हवा चलेगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
गुजरात और महाराष्ट्र में गर्मी का असर
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम में लू चलने से पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों में हल्की बारिश होगी। गुजरात और महाराष्ट्र में गर्मी का असर बना रहेगा।