Logo
ISIS Terrorist Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। शुक्रवार, 9 अगस्त को ISIS के आतंकी रिजवान अली को गिरफ्तार कर लिया।

ISIS Terrorist Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार, 9 अगस्त को ISIS के आतंकी रिजवान अली को गिरफ्तार कर लिया । रिजवान दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला है। रिजवान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वॉन्टेड लिस्ट में  शामिल। पुलिस के मुताबिक, रिजवान पुणे में ISIS मॉड्यूल का हिस्सा था। रिजवान जुलाई 2023 में पुणे पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था। NIA ने रिजवान पर 3 लाख रुपए का इनाम रखा था।

दिल्ली-फरीदाबाद सीमा से पकड़ा गया रिजवान
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार सुबह रिज़वान अली को दिल्ली-फरीदाबाद सीमा से हथियारों और गोलाबारूद के साथ गिरफ्तार किया। स्वतंत्रता दिवस से पहले उसकी राजधानी में मौजूदगी की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह गिरफ्तारी सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

चार आतंकी थे NIA की वॉन्टेड लिस्ट में
NIA की वांछित सूची में कुल चार आतंकियों के नाम शामिल थे, जिनमें से रिज़वान भी एक था। इन आतंकियों में से मोहम्मद शहनवाज़ को पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा अब्दुल्ला फैयाज़ उर्फ़ डायपरवाला अभी भी फरार है और ताल्हा लियाकत की कोई जानकारी नहीं है। दिल्ली पुलिस रिज़वान के नेटवर्क को खत्म करने के लिए छापेमारी कर रही है।

15 अगस्त से पहले दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने खालिस्तान और अल कायदा से जुड़े आतंकियों के पोस्टर भी राजधानी के विभिन्न हिस्सों में लगाए हैं। इन पोस्टरों में कुल 15 आतंकियों के नाम और फोटो शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां कड़ी निगरानी कर रही हैं।

दिल्ली पुलिस आयुक्त ने की उच्च स्तरीय बैठक
दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने बुधवार, 7 अगस्त को एक उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें पुलिस अधिकारियों को बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जो दिल्ली-एनसीआर में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। इसके साथ ही आयुक्त ने अधिकारियों को गैरेज में बदलाव के लिए आई गाड़ियों और अस्पष्ट पते पर डिलिवर किए गए पार्सल्स की भी जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है। स्वतंत्रता दिवस के लिए दिल्ली पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस के साथ एक अंतरराज्यीय समन्वय बैठक भी आयोजित की। इसमें 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रणनीतियों पर चर्चा की गई। 

5379487