Logo
Parliament Winter Session Security Breach Updates: दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर सेल छह आरोपियों से पूछताछ कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों को उनकी सुरक्षा के बारे में आश्वस्त किया है और कहा है कि गहन जांच की जाएगी।

Parliament Winter Session Security Breach Updates: संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर सियासत तेज हो गई है। शीतलकालीन सत्र के 9वें दिन 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। लोकसभा में विपक्ष ने सरकार की तरफ से जवाब की मांग करते हुए गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए। जिस पर नाराजगी जताते हुए अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संसद की सुरक्षा व्यवस्था से सरकार का संबंध नहीं है, यह उनकी जिम्मेदारी है।

वहीं, राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ'ब्रायन सभापति जगदीप धनखड़ के पास आ गए और नारेबाजी करने लगे। इस पर सभापति नाराज हो गए। उन्होंने डेरेक को बाहर जाने के लिए कहा। फिर डेरेक को बचे हुए सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया। 

सभापति जगदीप धनखड़ ने डेरेक से कहा कि आप क्या कर रहे हैं? आप विशेषाधिकार का उल्लंघन कर रहे हैं। आपका व्यवहार देखकर मेरा सिर शर्म से झुक रहा है। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे तक फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। 

मनीष तिवारी ने समिति के गठन का उठाया मुद्दा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने संसद की सुरक्षा में चूक मामले को लेकर एक संयुक्त समिति बनाए जाने की मांग की है। जिसमें पुलिसिंग, सुरक्षा और कानून के जानकार और अनुभवी लोगों को शामिल किया जाए। उन्‍होंने 6 जनवरी, 2021 कैपिटल हिल का भी हवाला दिया। सुरक्षा उल्लंघन होने पर, जिसकी अमेरिकी कांग्रेस की एक चयन समिति द्वारा स्वतंत्र रूप से जांच की गई थी।

राजनाथ सिंह सांसदों से की ये अपील
राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा कि सभी ने कल की घटना की निंदा की है। स्पीकर ने मामले का संज्ञान लिया है। हमें भी सतर्क रहना होगा। सांसदों को ध्यान रखना होगा कि हम ऐसे लोगों को पास कतई न दें जो अराजक माहौल पैदा कर सकें। भविष्य में सारी सावधानी बरती जाएगी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिसंबर को संसद में हुए बड़े सुरक्षा उल्लंघन पर चर्चा के लिए गुरुवार सुबह शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक की। 

तीन विधेयकों पर आज होनी है चर्चा
लोक सभा में गुरुवार को आईपीसी, सीआरपीसी और इंडियन एविडेंस एक्ट की जगह लेने वाले तीन आपराधिक कानूनों से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होनी है। ये हैं...

  • भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता विधेयक- 2023 
  • भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता विधेयक -2023
  • भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 

संसद सुरक्षा उल्लंघन केस की 10 बड़ी बातें

  • बुधवार को संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले चारों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं के अलावा, आतंकवाद विरोधी कानून, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत केस दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को आज गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
  • अब तक चार की गिरफ्तारी हुई है। जिनमें सागर शर्मा, डी मनोरंजन, नीलम देवी और अमोल शिंदे शामिल हैं। अन्य आरोपी ललित झा और विक्की शर्मा हैं। झा फरार है। उसे मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। विक्की शर्मा ने आरोपियों को अपने गुड़गांव स्थित घर में पनाह दी थी। उसे पत्नी समेत हिरासत में लिया गया है। 
  • दिल्ली पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी भगत सिंह फैन क्लब नाम के सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़े हुए थे। 
  • आरोपी करीब डेढ़ साल पहले मैसूर में मिले और प्लानिंग पर काम किया। एक और बैठक लगभग नौ महीने पहले चंडीगढ़ हवाई अड्डे के पास किसानों के विरोध प्रदर्शन में हुई थी।
  • सागर शर्मा इसी जुलाई में लखनऊ से दिल्ली आया था। लेकिन वह संसद में घुस नहीं पाया था। इसके बाद उसने गहनता से रेकी की। रविवार को आरोपी दिल्ली पहुंचे। वे गुरुग्राम में विक्की के घर पर रुके।
  • अमोल शिंदे को स्मोक केन महाराष्ट्र में अपने गृहनगर से मिले थे। इंडिया गेट पर सभी मिले और एक दूसरे में स्मोक केन बांटे। सभी छह आरोपी संसद के अंदर जाना चाहते थे, लेकिन केवल सागर शर्मा और मनोरंजन को पास मिल पाया था। दोनों बुधवार दोपहर में संसद में दाखिल हुए।
  • लोकसभा में सागर शर्मा विजिटिंग गैलरी से कूदकर सदन में आ गया। उसने एक पीले धुएं का केन खोला और एक डेस्क से दूसरे डेस्क पर कूदने लगा। जैसे ही सांसदों ने उसे दबोचा, मनोरंजन ने धुएं का डिब्बा खोल दिया। वह भी जल्द ही पकड़ लिया गया। नीलम और अमोल ने बाहर कनस्तर खोले और तानाशाही के खिलाफ नारे लगाए।
  • 2001 में 13 दिसंबर को पुरानी संसद पर हमला हुआ था। बुधवार को हमले की बरसी मनाई जा रही थी। तभी चार आरोपियों ने सुरक्षा में सेंध लगाई। 
  • दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर सेल छह आरोपियों से पूछताछ कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों को उनकी सुरक्षा के बारे में आश्वस्त किया है और कहा है कि गहन जांच की जाएगी।
  • आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आईपीसी के आरोपों में आपराधिक साजिश, दुश्मनी को बढ़ावा देना और एक लोक सेवक को कर्तव्य निभाने से रोकने के लिए बल का उपयोग करना शामिल है।
5379487