Logo
PM Modi Newsweek interview: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और चीन के बीच शांतिपूर्ण संबंध न सिर्फ क्षेत्र के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर हो रही रचनात्मक और सकारात्मक बातचीत से इसका समाधान ढूंढ़ लिया जाएगा।

PM Modi Newsweek interview: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और चीन के बीच शांतिपूर्ण संबंध न सिर्फ क्षेत्र के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जाहिर की कि दोनों देश सीमा पर शांति बहाल कर लेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर हो रही रचनात्मक और सकारात्मक बातचीत से इसका समाधान ढूंढ़ लिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी मैगजिन न्यूजवीक को दिए इंटरव्यू में यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि चीन के साथ अच्छे संबंध भारत के लिए महत्वपूर्ण है। 

चीन के साथ विवाद तत्काल सुलझाने की जरूरत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरा यह मानना है कि चीन के साथ सीमा पर हमारे लंबे विवाद को तत्काल सुलझाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने अमेरिकी मैगजीन से लोकसभा चुनाव, पाकिस्तान के साथ संबंध, क्वाड,राम मंदिर और डेमाक्रेसी समेत अन्य मुद्दों पर बातचीत की। पाकिस्तान के साथ संबंधों को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में जब पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री ने अपने पद की शपथ ली तो मैंने उन्हें बधाई दी। उनसे कहा कि भारत ने हमेशा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि बढ़ाने और माहौल को आतंक और हिंसा से मुक्त रखने की वकालत की है। 

पाकिस्तान के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी से इनकार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल होने के बारे में पूछे जाने पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं पाकिस्तान के अंदरुनी मामलों पर काेई टिप्पणी नहीं करना चाहता। क्वाड और चीन के बारे में पूछे जाने पर पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान, भारत और चीन कई ग्रुप के सदस्य हें। हम विभिन्न ग्रुप के कॉम्बिनेशन में शामिल हैं। क्वाड किसी एक देश के खिलाफ नहीं है। एससीओ, ब्रिक्स और दूसरे इंटरनेशन ग्रुप्स की तरह क्वाड भी एक जैसे विचार रखने वाले देशों का समूह है और एक साझा सकारात्मक एजेंडे पर काम करता है। बता दें क्वाड में चार देश, भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं।

जम्मू कश्मीर में हो रहा है बदलाव
जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने पर हो रही आलोचना के बारे में पूछे जाने पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं आको जम्मू कश्मीर विजिट करने के लिए कहूंगा ताकी आप वहां जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों को देख सकें। इस बात पर नहीं जाएं कि मैं या दूसरे लोग आपसे क्या कह रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा मैं पिछले महीने जम्मू-कश्मीर गया था। पहली बार वहां के लोगों के जीवन में उम्मीद है। उन्हें विकास, अच्छे शासन और लोगों के सशक्तिकरण का विश्वास हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि साल 2023 में  दो करोड़ से ज्यादा पर्यटक जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं। वहां आतंकी गतिविधियों में बड़ी कमी आई है। पहले जिस तरह से संगठित ढंग से बंद, हड़ताल, पत्थरबाजी होती थी, उससे आम जन जीवन प्रभावित होता था। हालांक, अब यह सब बीते समय की बात हो गई है। 

भगवान राम का नाम भारत के लोगों की चेतना में
अयोध्या में राम मंदिर के बनने के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम का नाम भारत के लोगों की चेतना में है। भगवान राम के जीवन ने हमारी सभ्यता, विचारों और मूल्यों की रूपरेखा तैयार की है। यही वजह रही कि 11 दिनों के विशेष अनुष्ठान के दौरान, मैंने भगवान राम से जुड़े स्थानों की तीर्थ यात्रा की। इस यात्रा के दौरान मैं देश के अलग-अलग हिस्साें में गया। इससे मुझे पता चला कि श्री राम का हम सभी के अंदर कितना सम्मान है। 

भगवान राम का अपने जन्मस्थान पर लौटना देश के लिए ऐतिहासिक क्षण और एकता का प्रतीक था। यह सदियों के बलिदान और समर्पण का समापन था। जब मुझसे इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए पूछा गया, तो मैं समझ गया कि मैं इस कार्यक्रम में देश के 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करूंगा जिन्होंने रामलला की वापसी के लिए सदियों तक धैर्य के साथ इंतजार किया है। 

हमारी सरकार का वादों को पूरा करने का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड
लोकसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री माेदी ने कहा कि मेरी सरकार का वादों को पूरा करने का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। दूसरे टर्म की समाप्ती तक लोकप्रिय सरकारों का भी समर्थनप खत्म होने लगता है। बीते कुछ साल में दुनिया में सरकारों के प्रति असंतोष बढ़ा है। हालांकि, भारत एक अपवाद है, क्योंकि हमारी सरकार के प्रति लोगों का समर्थन बढ़ा है। भारत लोकतंत्र की जननी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। 

5379487