Logo
PM Modi on Election Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को बहुमत का रुझान मिलने के बाद मंगलवार को बीजेपी कार्यालय में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार देर शाम दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे।

PM Modi on Election Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को बहुमत का रुझान मिलने के बाद मंगलवार को बीजेपी कार्यालय में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार देर शाम दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी दफ्तर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके स्नेह और प्यार, इस आशीर्वाद के लिए मैं सभी देशवासियों की कर्जदार हूं। आज बड़ा मंगल है और इस पावन दिन एनडीए की लगातार तीसरा बार सरकार बननी तय है।

हमने राष्ट्रहित को हमेशा सबसे ऊपर रखा
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर मिले। करोड़ों गरीबों को मुफ्त इलाज मिला। राष्ट्र प्रथम की भावना से जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटी। हमने राष्ट्रहित को हमेशा सबसे ऊपर रखा। कोरोना के संकट में हमने जनहित में फैसला लिया। हर दवाब से हटकर कदम उठाए। राष्ट्र प्रथम की भावना दुनिया में भारत को महान बनाएगी। विकसित भारत का संकल्प, तीसरी बार सरकार से पूरा होगा। हमारे विरोधी एकजुट होकर भी इतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी अकेले बीजेपी ने जीती हैं।

आप 10 घंटे काम करेंगे, तो मोदी 18 घंटे काम करेगा
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और देशवासियों को कहूंगा कि इतनी गर्मी में आपके द्वारा बहाया पसीना मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। देशवासियों से कहना चाहता हूं कि आप 10 घंटे काम करेंगे, तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। हम भारतीय मिलकर काम करेंगे, देश को आगे बढ़ाएंगे। तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का नया अध्याय लिखेगा। ये मोदी की गारंटी है।

आंध्र, ओडिशा, अरुणाचल में कांग्रेस का सूपड़ा साफ 
पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव के कई पहलू हैं। 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है। राज्यों में एनडीए को भव्य विजय मिली है। आंध्र, ओडिशा, अरुणाचल में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। उनको शायद जमानत बचाना भी मुश्किल हो गया है। भाजपा ओढिशा में सरकार बनाने जा रही है।

तेलंगाना में हमारी संख्या दोगुना हो गई है
पहली बार महा प्रभु जगन्नाथ की धरती पर बीजेपी का सीएम होगा। बीजेपी ने केरल में एक सीट जीती है। यहां पीढ़ियों से कार्यकार्ताओं ने जिस पल का इंतजार किया, वो सफलता आज कदम चूम रहे हैं। तेलंगाना में हमारी संख्या दोगुना हो गई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल ऐसे कई राज्यों में हमने लगभग क्लीव स्वीप किया है।

चंद्रबाबू नायडू और नीतीश ने शानदार प्रदर्शन किया है
आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू और बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। 2013-14 में देश निराशा की गर्त में डूब चुका था। हर दिन अखबार घोटालों की हेडलाइन से भरे रहते थे। ऐसे समय देश ने हमें निराशा के सागर से आशा के मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था। 2019 में इसी की बदौलत देश ने हमें प्रचंड बहुमत दिया। इसके बाद देश में विकास और प्रगति एक गारंटी बन गया था। तीसरी बार हम इसी को लेकर जनता के पास गए।

जनता के समर्थन के लिए मैं उनके सामने नतमस्तक हूं
जनता के समर्थन के लिए मैं उनके सामने नतमस्तक हूं। आज का ये पल मेरे लिए भावुक करने वाला पल है। मेरी मां के जाने के बाद ये मेरा पहला चुनाव है। लेकिन देश की कोटि-कोटि माता-बहनों-बेटियों ने मुझे अभूतपूर्व आशीर्वाद दिया। इस चुनाव में महिलाओं की वोटिंग के सारे रिकॉर्ड टूट गए। इस प्रेम को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता हूं। ये मेरे मन में रचा बसा है।

हम सभी जनता के बहुत आभारी हैं
हम सभी जनता के बहुत आभारी हैं। देशवासियों ने भाजपा पर, एनडीए पर, पूर्ण विश्वास जताया है। आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है, ये भारत के संविधान पर अटूट विश्वास की जीत है। ये सबका साथ सबका विकास की जीत है। 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करूंगा। आयोग ने 100 करोड़ मतदाताओं, 55 लाख वोटिंग मशीनें, डेढ़ करोड़ मतदान केंद्र , सभी कर्मियों ने इतन गर्मी में अपने कर्तव्य भाव का शानदार परिचय दिया।

चुनाव प्रक्रिया पर हर भारतीय को गर्व है
पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर हर भारतीय को गर्व है। इस इफीशियंसी को लेकर दुनिया में कहीं कोई उदाहरण नहीं है। मैं ओपिनियन मेकर्स को कहूंगा कि भारत में चुनाव गौरव का विषय है। ऐसे जो भी लोग हैं, जो दुनिया में अपनी बात पहुंचा सकते हैं, वे इस बात को दुनिया के सामने प्रस्तुत करें। इस चुनाव में जितने लोगों ने मतदान किया, वो कई बड़े देशों की कुल आबादी के भी ज्यादा है। जम्मू-कश्मीर में इस बार रिकॉर्ड वोटिंग हुई। देश की इमेज खराब करने वाली ताकतों को एक आइना दिखाया है। सभी की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र की ताकत संभव नहीं है। भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद करता हूं।

आज दुनिया हमारे बैंकिंग सिस्टम को सराह रहा
जेपी नड्डा ने  कहा कि आज के विजय उत्सव के मौके पर मैं देश की जनता और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करता हूं। देश को परेशानियों को निकालने में मोदी जी ने हर संभव प्रयास किया है। नड्डा ने कहा कि पहली बार सरकार में आने पर आपने कहा था कि  मेरी सरकार, गरीब, दलित, पिछले, वंचित और शोषितों के लिए कार्य करेगी। आज आयुष्मान भारत का लाभ गरीब तबके को मिल रहा है। बहनों को गैस चूल्हा और हर घर नल और जल का इंतजाम किया गया। पीएम मोदी की अगुआई में गरीब को फायदा मिला। 2014 में देश की अर्थव्यवस्था और बैंकिंग व्यवस्था लड़खड़ा रही थी। लेकिन आज दुनिया हमारे बैंकिंग सिस्टम को सराह रहा है। 10 साल पहले हम इकोनॉमी में 11वें स्थान पर थे, आज 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं। 10 साल में कई परिवर्तन देखने को मिले हैं। 

रस्सी जल गई लेकिन बल नहीं गया
नड्डा ने कहा कि 10 साल में कोई भी सकारात्मक नजरिया विपक्ष का देखने को नहीं मिला। एक परिवार ने बार-बार इसके लिए प्रयास किए। रस्सी जल गई लेकिन बल नहीं गया। इस चुनाव में विपक्ष ने मोदीजी को गालियां दी, फेक वीडियो जारी किए। लेकिन इन लोगों को देश की जनता ने तीसरी बार 2024 में खारिज कर दिया है। समय आ गया है कि आप आत्ममंथन कीजिए, इस बैखलाहट का कारण क्या है। मोदी 3.0 में देश आगे बढ़ेगा।

जो लोग देशहित में काम करते हैं, उन्हें चुनौतियां भी आती हैं
बीजेपी  अध्यक्ष ने कहा कि कि देशवासियों ने पीएम मोदी और भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया। एनडीए के गठन के बाद देश में तीसरी बार कोई गठबंधन लगातार सरकार बनाने जा रहा है। जो लोग देशहित में काम करते हैं, उन्हें चुनौतियां भी आती हैं। उनके लिए देश को आगे ले जाना अहम है। लेकिन कुछ लोग स्वार्थपूर्ण गठबंधन करते हैं। देश इनके इकोसिस्टम को नकार देता है। ये लोग दुनिया के सामने गलत तरीके से देश की छवि दिखाते है।

ओडिशा में विशुद्ध भाजपा की सरकार बनी है
आज पहली बार देश में मोदीजी के नेतृत्व में ओडिशा में विशुद्ध भाजपा सरकार बन रही है। लेकिन कुछ लोग 30 से 40 सीटें जीत लेते हैं तो धूम मचाने लगते हैं। हम मोदी जी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में आगे बढ़ रहे हैं। अरुणाचल में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बन रही है। आंध्र प्रदेश में हमारे गठबंधन के सहयोगी दल सरकार बनाने वाले हैं। केरल में हम दूर दूर तक नहीं दिखते थे, वहां पहली बार कमल खिला है। हमारा वोट शेयर बढ़ा है। 2014 में एक घटना घटी थी, जब एक गरीब मां का बेटा देश का पीएम बना था।

इससे पहले  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों पर पहली प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है। यह भारत के इतिहास में एक अभूतपूर्व पल है।

मैं इस स्नेह आशीवाई के लिए सभी को नमन करता हूं
पीएम मोदी ने लिखा- मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं।  मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई उमंग, नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे। सभी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण भाव से अथक मेहनत की है, मैं इसके लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं।

नतीजों के रुझानों में बीजेपी बहुमत से दूर
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के रुझानों में बीजेपी बहुमत से काफी दूर है। रुझानों में NDA  293 सीटों पर और I.N.D.I.A. 232 सीटों पर बढ़त बनाकर चल रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में NDA को नुकसान दिख रहा है। बीजेपी को 2019 के लोकसभा चुनाव से करीब 60 सीटें कम मिलती नजर आ रही हैं। साल 2019 में पार्टी को 303 सीटें मिली थीं। हालांकि, NDA की सरकार बनती दिख रही है। इसमें जेडीयू के सुप्रीमो नीतीश कुमार और टीडीपी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू की अहम भूमिका होगी।

5379487