Logo
PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में उनका यह पहला द्विपक्षीय दौरा है। 9 जुलाई को पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में पहली द्विपक्षीय यात्रा पर है। पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए सोमवार (8 जुलाई) को मॉस्को पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने प्राइवेट डिनर किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई। प्रेसिडेंट पुतिन ने मोदी से कहा कि आपको देखकर खुशी हुई। मोदी ने कहा कि मेरा तो सिद्धांत रहा है- रिफॉर्म, परफॉर्म एंड ट्रांसफॉर्म। देश की जनता ने इस पर मुहर लगाई है। मेरा मानना है कि तीसरे कार्यकाल में तीन गुना ज्यादा मेहनत करूंगा। 

Live Update: 

  • राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को ब्रिक्स सम्मेलन में आमंत्रित किया
    व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को कजान में ब्रिक्स सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया है। यह शिखर सम्मेलन 22 से 24 अक्टूबर को रूस में आयोजित किया जाएगा।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता में कहा कि मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में हमारे संबंध और मजबूत होंगे। ऊर्जा क्षेत्र में भारत और रूस के सहयोग से दुनिया को भी मदद मिली है। भारत लगभग 40 वर्ष से आतंकवाद की चुनौती का सामना कर रहा है। मैं सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा करता हूं। दुनिया को पिछले पांच वर्ष में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले कोविड-19 की वजह से और फिर अनेक संघर्षों के कारण दुनिया को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति पुतिन के साथ शिखर वार्ता में हिस्सा लिया। इस दौरान पुतिन ने कहा, 'यूक्रेन संकट का जो आप हल निकलने की कोशिश करते हैं हम उसके आभारी हैं।
  • वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक मित्र के तौर पर मैंने हमेशा कहा कि युद्ध के मैदानों से शांति का रास्ता नहीं निकलता है। बम बंदूक और गोलियों के बीच शांति संभव नहीं होती है।
  • इससे पहले मोदी ने विश्वयुद्ध के दौरान शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी है। इसके बाद वे रूस के एटम पवेलियन पहुंचे। इसे रूसी न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी का हब कहा जाता है।

पुतिन मोदी से बोले- आप बहुत ऊर्जावान व्यक्ति हैं
प्रेसिडेंट पुतिन ने कहा- सबसे पहले मैं आपको प्रधानमंत्री के रूप में दोबारा चुने जाने पर बधाई देता हूं। मुझे लगता है कि यह कोई संयोग नहीं है, यह सरकार के मुखिया के रूप में आपके कई सालों के कामकाज का नतीजा है। आपके अपने विचार हैं, आप बहुत ऊर्जावान व्यक्ति हैं, आप जानते हैं कि भारत और भारतीय लोगों के हित में परिणाम कैसे हासिल किए जा सकते हैं। और यह सबके सामने हैं। आर्थिक मोर्चे पर भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया में तीसरे स्थान पर खड़ा है। और अब जनसंख्या की दृष्टि से भी सबसे बड़ा देश है।

रूस दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी का शेड्यूल

  • प्रधानमंत्री मोदी रूस दौरे के दूसरे दिन मंगलवार (9 जुलाई) को एक कम्युनिटी इवेंट में भी हिस्सा लेंगे। इससे पहले वे क्रेमलिन में अज्ञात सैनिक के शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। फिर राष्ट्रपति पुतिन के साथ एटमी हथियारों की एक प्रदर्शनी भी देखेंगे। आज भारत और रूस के बीच शिखर वार्ता होगी। 
  • 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता व्यापक द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के मौजूदा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत और रूस के बीच संबंधों को मजबूत करने से दोनों देशों के नागरिकों को लाभ होने की उम्मीद है।
  • इस दौरान द्विपक्षीय वार्ता में हथियार, रणनीतिक साझेदारी समेत कई मुद्दे शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा मुख्य रूप से आर्थिक मामलों पर केंद्रित है, जिसमें ऊर्जा, व्यापार, विनिर्माण और उर्वरक शामिल हैं। 

रूस सेना से भारतीयों को मुक्त करने पर सहमत: सूत्र
इसके अलावा पीएम मोदी का उद्देश्य राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यह संदेश देना है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान सैन्य तरीकों से नहीं हो सकता। एक आधिकारिक सूत्र ने इस कूटनीतिक संदेश को यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। चर्चाओं के दौरान एक महत्वपूर्ण परिणाम मिला कि क्रेमलिन ने रूसी सेना के साथ काम कर रहे सभी भारतीयों को मुक्त करने और उनके लौटने की सुविधा देने पर सहमति जताई है। यह विकास यूक्रेन पर आक्रमण के बाद पहली बार मोदी की रूस यात्रा के व्यापक संदर्भ में हुआ है।

रेड कारपेट वेलकम के लिए मोदी ने जताया आभार 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रेमलिन में रेड कारपेट वेलकम के लिए राष्ट्रपति पुतिन और रूस का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती आगे और गहरी होगी।

22वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को जीत की बधाई देते हुए एनुअल समिट के लिए आमंत्रित किया था। यह 22वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन होगा। मोदी ने सोमवार शाम 5.30 बजे पुतिन से मुलाकात की। शाम 7 बजे दोनों नेताओं ने एक साथ प्राइवेट डिनर किया। बता दें कि रूस कई दशक से भारत का प्रमुख सहयोगी रहा है। भारत और रूस के दशकों से दोस्ताना हैं। भारत रशियन ऑयल का तीसरा सबसे बड़ा आयातक है। बता दें कि 2022 में यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू होने के बाद पीएम मोदी का यह पहला रूस दौरा है।

5379487