Logo
Parliament Session Live: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार 27 जून को 18वीं लोकसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इमरजेंसी को संविधान पर सबसे बड़ा हमला बताया। विपक्ष का हंगामा।

Parliament Session Live: गुरुवार (27जून को) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के संंयुक्त सत्र को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले वह राष्ट्रपति भवन से संसद भवन पहुंची। संसद भवन पहुंचने पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वह लोकसभा पहुंची। जहां उन्होंने दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करना शुरू किया। राष्ट्रपति के लोकसभा पहुंचने के बाद संसद में राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद राष्ट्रपति ने अपना अभिभाषण शुरू किया। 

Live Updates:

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज हमारे युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने का नया मौका मिल रहा है। मेरी सरकार के प्रभावी प्रयासों का परिणाम है कि भारत के युवा खिलाड़ी वैश्विक मंचों पर रिकॉर्ड संख्या में पदक जीत रहे हैं। कुछ दिनों बाद पेरिस ओलंपिक भी शुरू होने जा रहे हैं। ओलंपिक में प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ी पर हमे गर्व है। मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देती हूं। भारत ओलंपिक 36 खेलों की मेजबानी करने की भी तैयारी कर रहा है। 

  • छह दशक बाद मजबूत सरकार
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा  कि 60 साल बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली मजबूत सरकार बनी है। जनता ने तीसरी बार इस सरकार पर भरोसा जताया है। सिर्फ यही सरकार देश के लोगों की उम्मीदों को पूरा कर सकती है।

  • भारत दुनिया को नया भरोसा दे रहा
    21वीं सदी के तीसरे दशक में ग्लोबल ऑर्डर एक नई शक्ल ले रहा है। मेरी सरकार के तहत आज भारत दुनिया को नया भरोसा दे रहा है। कोरोना और युद्ध जैसे हालात में यह साबित हुआ है कि भारत की स्थिति मजबूत हो रही है।

    डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में हम आगे बढे
     भारत डिजिटल पेमेंट के मामले में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहली बार पहुंचा है। आज पूरा विश्व हमें मदर ऑफ डेमोक्रेसी के रूप में सम्मानित कर रहा है।

  • पेपर लीक करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी
    हाल ही में कुछ परीक्षाओं में हुई पेपर लीक की घटनाओं की जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए मेरी सरकार प्रतिबद्ध है। संसद ने इसके लिए कानून बनाया है।

  • एक डिजीटल यूनिवर्सिटी बनाया जा रहा
    सरकार एक डिजीटल यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसी प्रयास से भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप सेक्टर बन चुका है और ग्रुप डी और सी से इंटरव्यू खत्म कर दिया है।

  • देश में दो डिफेंस कॉरिडोर बनाए जा रहे
    हमारी सेनाओं ने हथियार और उपकरण भारतीय कंपनियों से ही खरीदने का निर्णय लिया है। सैनिकों का ध्यान रखते हुए चार दशक बाद वन रैंक वन पेंशन योजना लागू हुई है।आज भारत एक लाख करोड़ से ज्यादा की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है। फिलीपींस के साथ ब्रह्मोस का सौदा, डिफेंस सेक्टर में भारत की मजबूत पकड़ का नतीजा है। यूपी और तमिलनाडु में दो डिफेंस कॉरिडोर विकसित हो रहे हैं।

  • GST से भारत की अर्थव्यवस्था  मजबूत हुई
    राष्ट्रपति ने कहा कि GST ने भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। अप्रैल में GST कलेक्शन 2 लाख करोड़ का स्तर पार कर गया है, जिससे राज्यों का भी विकास हुआ है।देश में कई दशकों तक अस्थिर सरकारों के दौर में कई सरकारें रिफॉर्म नहीं कर पाईं। अब देश की जनता ने ऐसी सरकार को चुना है जो इन रिफॉर्म को कर रही है और ये सभी कसौटी पर खरे उतरे हैं।

  • देश में 25 हजार जन औषधि सेंटर खोले जा रहे
    पहली बार देश में करोड़ों गरीबों के लिए शौचालय बनाए गए हैं। देश में 25 हजार जन औषधि सेंटर खोलने का काम चल रहा है और 70 से ज्यादा उम्र के लोगों को भी आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा।

  • सरकार ने निचले तबके को विश्वास दिलाया
    राष्ट्रपति ने कहा कि बाबा साहब का मानना था कि किसी भी समाज की तरक्की निचले तबके की तरक्की पर निर्भर है। मेरी सरकार ने इन्हें विश्वास दिलाया है कि उनके लिए काम किया जा रहा है।

  • पीएम सूर्य घर योजना में एक करोड़ परिवार रजिस्टर्ड
    30 हजार महिलाओं को कृषि सखी बनाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मेरी सरकार का प्रयास है कि वे अधिक से अधिक बचत कर सकें। पीएम सूर्य घर योजना में एक करोड़ परिवार रजिस्टर्ड हैं। प्राथमिकता किसानों, महिलाओं और गरीबों को दी जा रही है।

  • हर सेक्टर में भारत लीडर बन रहा
    राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार सर्विस सेक्टर को मजबूत कर रही है। हर सेक्टर में भारत लीडर बन रहा है, जिससे रोजगार के नए मौके बन रहे हैं। सरकार दुनिया की सबसे बड़ी भंडारण योजना पर काम कर रही है और किसानों को 3 लाख 20 हजार करोड़ की सम्मान निधि दे चुकी है।

  • देश दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनने की ओर
    राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए स्वस्थ्य स्पर्धा होनी चाहिए। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के संकल्प ने भारत को सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना दिया है। आज भारत अकेले ही दुनिया की ग्रोथ में 15 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। मेरी सरकार देश को दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनाने में लगी है।

  • ऐतिहासिक है 18वीं  लोकसभा
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 18वीं लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक है। इसका गठन 'अमृतकाल' के शुरुआती सालों में हुआ है। यह लोकसभा देश के संविधान को अपनाने के 56वें साल की भी गवाह बनेगी।
  • आगामी बजट में होंगे भविष्य के विजन
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आने वाले सत्रों में सरकार अपना पहला बजट पेश करेगी। यह बजट सरकार की दूरगामी नीतियों और भविष्य के विजन का दस्तावेज होगा। बड़े आर्थिक और सामाजिक फैसलों के साथ-साथ ऐतिहासिक कदम भी शामिल होंगे।
  • विकास की गति तेजी की जाएगी
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू  ने कहा आने वाले समय में भारत की विकास गति को तेज किया जाएगा। आने वाले बजट में ऐतिहासिक कदम दिखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। सरकार किसानों को ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर बनाएगी।

  • दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव संपन्न हुआ
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024  दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। इसमें करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह से अपना वोट डाला। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। जम्मू-कश्मीर में वोटिंग के रिकॉर्ड टूटे।

  • राष्ट्रपति ने सभी सांसदों को दी बधाई
    राष्ट्रपति ने सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई दी। उन्होंने सफल चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग का धन्यवाद दिया।  राष्ट्रपति ने कहा कि जनता ने सरकार पर भरोसा जताया है। सरकार निरंतरता के साथ काम करेगी।

  • संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा पहुंची तो संसद का एक अधिकारी सेंगोल लेकर आगे चलता नजर आया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संसद पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 

  • आम आदमी पार्टी की ओर से राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करने की घोषणा पर  शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, "केजरीवाल जी को जिस प्रकार से फिर एक बार जमानत मिलने के बाद भी CBI ने गिरफ्तार किया ये आपातकाल से भी ऊपर तानाशाही हो गई और हम सब लोग संसद में इस बारे में सवाल पूछेंगे।  AAP द्वारा राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करने पर उन्होंने कहा कि मैं उनकी भूमिका का स्वागत करता हूं। जिस तरह से तानाशाही चल रही है उसकी जिम्मेदार राष्ट्रपति महोदया भी हैं। राष्ट्रपति को सरकार को रोकना चाहिए।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू संसद भवन पहुंच गई हैं।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु राष्ट्रपति भवन से संसद भवन के लिए रवाना हो गई हैं।

  • राष्ट्रपति का अभिभाषण दरअसल सरकार का भाषण: अखिलेश यादव

  • आम आदमी पार्टी ने कहा है कि वह गुरुवार को सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी। बता दें कि अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ने बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि इससे पता चलता है कि देश में इमरजेंसी जैसे हालात हैं। 

मोदी सरकार पेश करेगी पांच साल का विजन
राष्ट्रपति के अभिभाषण के माध्यम से केंद्र सरकार अपना रोडमैप सामने रखेगी। इसमें सरकार की नीतियो और कार्यक्रमों के बारे में बताया जाएगा। मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल का विजन साझा कर सकती है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सत्त पक्ष दोनों सदनों में धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेगा। इस पर सांसदों की ओर से चर्चा होगी। धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम मोदी का जवाब 2 या 3 जुलाई को आ सकता है। 

ओम बिरला बने लोकसभा स्पीकर
ओम बिरला बुधवार को लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर चुने गए। प्रोटेम स्पीकर भतृहरि महताब ने ध्वनि मत प्रस्ताव पारित होने के बाद ओम बिरला के लोकसभा स्पीकर चुने जाने का ऐलान किया। उन्हें आसन ग्रहण करने की अपील की। पीएम मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष के आसान तक छोड़ने आए। 

विपक्षी सांसदों ने दी स्पीकर को बधाई
लोकसभा स्पीकर चुने जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत दूसरे विपक्षी नेताओं ने ओम बिरला को बधाई दी। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप विवक्ष की आवाज को दबाने नहीं देंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उम्मीद करते हैं कि अगले पांच साल में सांसदों के निष्कासन जैसी कार्रवाई नहीं होगी। सदन आपके इशारे पर चलेगा, इसका उलटा नहीं होगा। 

ओम बिरला ने इमरजेंसी के लिए रखवाया मौन
स्पीकर ओम बिरला ने संसद में अपने पहले ही भाषण में इमरजेंसी का जिक्र किया। 1975 में कांग्रेस की ओर से लगाए गए आपातकाल की निंदा की। इमरजेंसी के दौरान मरने वाले लोगों की याद में दो मिनट का मौन रखवाया। इसके बाद कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक में शामिल दूसरी पार्टियों के सांसदों ने जमकर हंगामा। हंगामे की वजह से लोकसभा स्पीकर को सदन की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। 

पप्पू यादव के शपथ ग्रहण की रही चर्चा
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मैथिली में शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान वह री नीट लिखा टी शर्ट पहनकर आए। शपथ ग्रहण के बाद जब वह लौटने लगे तो संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें टोका। इस पर पप्पू यादव बिफर गए। उन्होंने किरेन रिजिजू से कहा कि मैं छह बार का सांसद हूं, मुझे आप मत सिखाइए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप किसी की कृपा से जीतकर आएं होंगे, मैं इस सदन में निर्दलीय चुनकर आया हूं।

धर्मेंद्र प्रधान का परिचय देते वक्त हंगामा
पीएम मोदी ने बुधवार को सदन का परिचय अपने मंत्रिमंडल से करवाया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम जैसे ही लिया, विपक्ष की ओर स शेम-शेम का नारा लगाया जाने लगा। वहीं जब सदन में लोकसभा स्पीकर भाषण देने के लिए खड़े हुए तो विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे। बाेलने के लिए समय देने की मांग करने लगा। लोकसभा स्पीकर ने इसके बाद अपना भाषण बीच में रोक दिया। सभी सदस्यों से कहा कि वे जब स्पीकर चेयर से उठ जाए तो सांसदों को भी सीट से खड़ा होना चाहिए। मुझे यह बात दोबारा न कहना पड़े। स्पीकर ने सांसदों से कहा कि वे एक मिनट से ज्यादा ना बाेलें।

 

5379487